चमोली जिले में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के बाद ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर डेंजर जोन सक्रिय हो गये हैं। कई स्थानों पर लगातार मलबा गिर रहा है। पानी के जमाव से सड़कें धंस रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर आवाजाही करना खतरे से खाली नहीं है।
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर कर्णप्रयाग के पास पंचपुलिया की पहाड़ियां सबसे ज्यादा खतरनाक डेंजर जोन है। करीब एक किमी तक सड़क के ऊपर ढीली परतदार चट्टानें हर समय खतरे को न्योता दे रही हैं। पूर्व में भी कई बार पंचपुलिया की पहाड़ियों से बोल्डर गिरने से हाईवे पर सफर करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
गलनाऊं में भी सड़क पर मिट्टी फैलने से वाहन फिसल रहे हैं। सड़क की ऊपरी पहाड़ी से बार-बार मलबा आ रहा है। इसके अलावा बेडाणू में हाईवे पर भूस्खलन हो रहा है। ग्रामीण शिव प्रसाद सती, रमेश, सुरेश आदि ने कहा कि यहां पर कई सालों से सड़क धंस रही है, बार-बार मिट्टी डालकर अस्थाई व्यवस्था की जाती है, जिससे बरसात के दौरान फिर से भूस्खलन सक्रिय हो जाता है। देवलीबगड़ और कर्णप्रयाग-ग्वालदम सड़क पर कालजाबर और मौणा-छीड़ा और गंगा नगर के स्लाइड जोन से भी बरसात में बार-बार सड़क अवरुद्ध हो रही है।