फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंडः धूप खिली तो भीषण ठंड से मिली राहत, लेकिन ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी

Sat, 21 Dec 2019 10:29 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

सार

  • देहरादून के तापमान में शुक्रवार को हुई करीब 11 डिग्री की बढ़ोत्तरी, दिन में भीषण ठंड से मिली मामूली राहत
विज्ञापन
weather - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों में शुक्रवार के बाद शनिवार को भी धूप खिलने से ठंड से राहत मिली है। वहीं राजधानी दून समेत आसपास के इलाकों में रविवार को भी धूप खिली रहने का अनुमान है। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार पहाड़ी इलाकों में पाला बढ़ने के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है। 

विज्ञापन


वहीं शुक्रवार को मौसम साफ होने से अधिकतम तापमान दोगुना हो गया। अधिकतम तापमान में कुल 11 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इससे दिन में पड़ रही भीषण ठंड से लोगों को कुछ राहत मिली। सुबह और शाम को ज्यादातार इलाकों में कंपकंपी छुड़ाने वाली ठंड पड़ रही है। 

ऊंचाई वाले इलाकों में हुई हल्की बर्फबारी

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम समेत जनपद के ढाई हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शनिवार को हल्की बर्फबारी हुई, जबकि जिला मुख्यालय सहित बाकी सभी क्षेत्रों में पूरे दिन सूरज और बादलों के बीच लुका छुपी का खेल चलता रहा। हालांकि इसके बावजूद निचले इलाकों में दोपहर का अधिकतम तापमान करीब 10 डिग्री व न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विज्ञापन


जबकि बर्फ से लकदक गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल, मुखबा, खरसाली, जानकीचट्टी आदि इलाकों में तापमान तीन से माइनस चार डिग्री के बीच रहा, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। वहीं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार रविवार से आने वाले तीन-चार दिन तक जनपद के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है।

शुक्रवार को तापमान 11 डिग्री बढ़कर 22.4 डिग्री तक पहुंच गया

शुक्रवार को सुबह के समय कुछ देर के लिए राजधानी के ज्यादातर क्षेत्रों में घनी धुंध और हल्के बादल छाये रहे। हालांकि उसके बाद पूरे दिन आसमान साफ रहा और गुनगुनी धूप खिली रही। इसके चलते अधिकतम तापमान करीब 11 डिग्री बढ़कर 22.4 डिग्री तक पहुंच गया। बृहस्पतिवार को दून में सीजन का सबसे ठंडा दिन था, जब अधिकतम तापमान 11.7 डिग्री ही पहुंच सका था। अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी होने से लोगों को दिन के समय हो रही भीषण ठंड से कुछ राहत मिली। हालांकि पूरे दिन ज्यादातर क्षेत्रों में सर्द बर्फीली हवाएं चलती रहीं।

शाम के समय एक बार फिर तापमान में कमी होने लगी। रात को न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री तक गिर गया। इससे तापमान में ठिठुरन बहुत अधिक बढ़ गई। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आज ज्यादातर क्षेत्रों में आसमान साफ रहेगा। कुछ इलाकों में हल्के बादल भी छाये रह सकते हैं। सुबह के समय कुछ क्षेत्रों में कोहरा छाया रह सकता है।

कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार

प्रदेश के कुछ इलाकों में आज हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार कुमाऊं के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होने और बर्फ गिरने का अनुमान है। 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर सकती है।

विज्ञापन

जोशीमठ में अभी भी 70 गांवों में बिजली नहीं

भारी बर्फबारी के बाद से ब्लाक के अधिकांश गांवों में बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को अंधेरे में रात काटनी पड़ रही है। ब्लाक के करीब 70 गांवों में बिजली सप्लाई ठप पड़ी है।

ऊर्जा निगम की ओर से जोशीमठ नगर में तो बिजली सप्लाई सुचारु की गई, लेकिन अभी तक ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा ठप पड़ी है। इधर, ऊर्जा निगम के ईई कैलाश कुमार का कहना है कि निगम के अधिकारी व कर्मचारी बिजली लाइनों के सुधारीकरण कार्य में लगे हैं। जल्द बिजली सप्लाई सुचारु कर दी जाएगी।

18 किमी दूर लीलम पहुंचे आईटीबीपी के जवान और पोर्टर

मुनस्यारी की बोगडियार चौकी में फंसे भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के 19 जवान और छह पोर्टर बर्फ  से पटे रास्ते को खोलकर लीलम पहुंच गए हैं। जवान और पोर्टरों को लीलम पहुंचने के लिए लगभग 18 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ी।   रिलकोट चौकी में 8 जवान और 7 पोर्टर अभी में फंसे हैं।

 अग्रिम चौकी में तैनात आईटीबीपी के 19 जवान भारी बर्फबारी के कारण बोगडियार चौकी में फंस गए थे। जवानों का सामान लाने के लिए मुनस्यारी से बोगडियार गए छह पोर्टर भी रास्ते में ही फंस गए थे। मार्ग बंद होने से जवान निचली पोस्टों की ओर नहीं लौट पा रहे थे।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन और आईटीबीपी की ओर से सभी जवानों और पोर्टरों को हेलीकॉप्ट से लाने की तैयारी की जा रही थी। शुक्रवार को जवानों ने खुद ही रास्ते में जमी बर्फ हटानी शुरू की और 18 किमी दूर लीलम पहुंच गए। यह सभी जवान और सामान के साथ आ रहे पोर्टर अब शनिवार को मुनस्यारी पहुंचेंगे। ब्यूरो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें