उत्तराखंड के कई जिलों में आगामी 18 और 19 जुलाई को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके नतीजे में कुछ स्थानों पर सड़क धंसने, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की घटनाएं भी सामने आ सकती हैं। फिलहाल 16 और 17 जुलाई को प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में सक्रिय मानसून के चलते आगामी 18 और 19 जुलाई को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
यलो अलर्ट का अर्थ यह होता है कि स्थिति पर नजर रखी जाएगी और उसके अनुसार आगे आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मौसम विभाग की सलाह है कि जिन जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है उन जिले के निवासियों सावधान रहने की जरूरत है।
सलाह दी गई है कि छोटी नदियों, नालों के किनारे अथवा निचले इलाकों के बाशिंदे सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। बिजली की गर्जना को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर शरण ले लें। वाहन चालकों से खराब मौसम को देखते हुए सावधान रहने की जरूरत बताई गई है।
रुड़की: बारिश से खुशगवार हुआ मौसम
लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश से जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली है तो वहीं किसानों के चेहरे भी खिले हुए हैं। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, बारिश से फसलों को अच्छा लाभ हुआ है।
दोपहर करीब 12 बजे तेज बारिश हुई
पिछले दो दिन की बारिश के बाद गुरुवार को भी सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। बूंदाबांदी के बाद दोपहर करीब 12 बजे तेज बारिश हुई। करीब एक घंटे बारिश से कई जगहों पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई।
बारिश बंद हो गई और मौसम खुशगवार हो गया
इसके बाद बारिश बंद हो गई और मौसम खुशगवार हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। शाम को बाजारों और गंगनहर के किनारे घूमने के लिए बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकले।