रविवार को मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक उत्तर प्रदेश के साथ ही उत्तराखंड के कई हिस्सों में खासतौर से वेस्टर्न हिमालयन रीजन में 23 जून को मानसून दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने वीकली बुलेटिन जारी करते हुए अगले चार दिन प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। जिस गति से मानसून अहमदाबाद, इंदौर होता आगे बढ़ रहा है। उसे देखते हुए 23 जून को उत्तराखंड में भी दस्तक दे सकता है। कई स्थानों पर बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा पैदा हो गया है। मौसम विभाग ने लोगों से पहाड़ में सफर करने के दौरान एहतियात बरतने की सलाह दी है।
22 जून - नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पौड़ी, पिथौरागढ़ और देहरादून में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट।
23 जून- पिथौरागढ़, देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश। ऊधमसिंह नगर, चंपावत, पौड़ी और टिहरी में भारी बारिश का अलर्ट।
24 जून - पिथौरागढ़, देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश। ऊधमसिंह नगर, चंपावत, पौड़ी और टिहरी में भारी बारिश का अलर्ट।
25 जून - नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़, पौड़ी, टिहरी और देहरादून में कई स्थानों पर तेज बौछारों के साथ ही भारी बारिश का अलर्ट।