28 स्थानों पर बंद है मरचूला- बुवाखाल नेशनल हाईवे
प्रदेश में भारी बारिश के कारण तीन नेशनल हाईवे समेत 247 सड़कें बंद हैं। इनमें से राष्ट्रीय राजमार्ग 121 मरचूलाकोट-बुवाखाल मार्ग भारी मलबा आने से कुल 28 जगहों पर बंद है। शुक्रवार शाम तक 226 जेसीबी की मदद से 58 सड़कों को ही खोला जा सका था।
लोनिवि से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में एनएच 121 के अलावा एनएच 707 त्यूणी-चकराता-मसूरी-बाटाघाट एक जगह और एनएच 109 पाण्डुवाखाल से कर्णप्रयाग एक जगह बंद हैं। इसके अलावा प्रदेशभर में कुल 220 सड़कें एक दिन पहले से बंद थीं। शुक्रवार को 85 सड़कें और बंद हुईं। कुल 305 बंद सड़कों में से शुक्रवार शाम तक 58 सड़कों को ही खोला जा सका था। लोनिवि के प्रमुख अभियंता दीपक यादव ने बताया कि प्रदेश में तीन नेशनल हाईवे, 14 स्टेट हाईवे, नौ मुख्य जिला मार्ग, चार जिला मार्ग, 142 ग्रामीण सड़कें और 105 पीएमजीएसवाई की सड़कें बंद हैं। उन्होंने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर सड़कों को खोलने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रदेश में 15 जून से अभी तक कुल 2450 सड़कें बंद हो चुकी हैं। इनमें से 2203 को खोल दिया गया है। जबकि 44 पुल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं, इनमें से कुछ पुलों को आवागमन के लिए फौरी तौर पर बंद कर दिया गया है। लोनिवि के आकलन के अनुसार पुलों और सड़कों को पहले की स्थिति में लाने के लिए 22455.88 लाख रुपये के बजट की जरूरत होगी।
भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड में आज भी मौसम बिगड़ा रहेगा। देहरादून समेत सात जिलों में आज कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से मिली जानकारी के अनुसार इन सात जिलों में बिजली चमकने और तेज गर्जन के साथ कई दौर की बौछार वाली बारिश होने की आशंका है। जबकि अन्य जिलों में तेज गर्जन और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कल यानी 22 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून और हरिद्वार के लिए मौसम विभाग ने बारिश का ऑरेंज और अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।