फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: नौ जिलों में दो दिन भारी बारिश का खतरा, बागेश्वर में मकान ढहा, चार लोग नदी में बहे

Sat, 17 Aug 2019 06:28 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

प्रदेश के नौ जिलों में दो दिन भारी बारिश का अनुमान है। मौसम केंद्र ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि अन्य इलाकों में भी बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, शनिवार (17 अगस्त) और रविवार (18 अगस्त) को देहरादून समेत नौ जिलों में भारी बारिश के आसार हैं।

विज्ञापन


इस दौरान पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत में बहुत भारी बारिश की संभावना है। हरिद्वार, टिहरी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश के लगभग सभी स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। 

झमाझम बारिश से मिली गर्मी और उमस से राहत

देहरादून और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। दोपहर के समय दो से तीन दौर की तेज बारिश हुई। इसके कारण सड़कों और कुछ इलाकों में जलभराव भी हुआ। 

शुक्रवार सुबह शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम में काफी ठंडक रही। इसके बाद तेज धूप खिली रही। दोपहर में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली और आसमान काले बादलों से घिर गया। इसके बाद करीब एक घंटे तक बारिश होती रही। राजपुर रोड, घंटाघर, सुभाष रोड, रायपुर रोड, सहस्त्रधारा रोड इलाके में काफी तेज बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया। 

कुछ देर बाद बारिश बंद हो गई। फिर तेज धूप खिलने से मौसम में उमस बढ़ने लगी। करीब एक घंटे बाद फिर बारिश शुरू हो गई। देर शाम तक शहर के ज्यादातर इलाकों में हल्की बारिश जारी रही। मौसम केंद्र के अनुसार मोहकमपुर क्षेत्र में पूरे दिन में 7.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। 

कांडा में मकान ढहा, मलबे में दबने से गर्भवती की मौत, चार बहे

तेज बारिश में बागेश्वर जिले की कांडा तहसील के अंतर्गत ढोलगांव में बृहस्पतिवार तड़के साढ़े तीन बजे एक मकान भरभराकर ढह गया। मलबे में गृहस्वामी देव सिंह की बहू प्रेमा देवी (22), बेटा नीरज सिंह नगरकोटी दब गए। दूसरे कमरे में सोए देव सिंह और उनकी पत्नी कौशल्या देवी ने शोर मचाया तो पड़ोस में रहने वाले पूरन सिंह ने मलबे में दबे नीरज को बाहर निकाल लिया।

सूचना पर पहुंची आपदा प्रबंधन की टीम और ग्रामीणों ने प्रेमा देवी को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। नीरज की कमर में हल्की चोट है। उसे सीएचसी कांडा में भर्ती कराया गया है। प्रेमा तीन माह की गर्भवती थी। उधर, पहाड़ी दरकने से पिथौरागढ़-टनकपुर एनएच पांच घंटे बंद रहा जबकि गणाईगंगोली-बनकोट सड़क 15 घंटे तक बंद रही। वहीं एसडीआरएफ द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक मुनस्यारी में स्कूल से लौट रही दो छात्राएं पैर फिसलने से नदी में डूब गईं। एक को रेस्क्यू कर अस्पताल ले जाया गया और दूसरी का शव बरामद कर लिया गया।
विज्ञापन

गौला नदी में नहा रहे बरेली के युवकों की डूबने से मौत

हल्द्वानी के जमरानी में गौला नदी में नहा रहे बरेली के दो युवक पानी के तेज बहाव में डूब गए। बैराज बंद कराने के बाद दोनों के शव तीन किमी दूर रानीबाग गुलाबघाटी में बरामद किए गए। पता चला कि दोनों रक्षाबंधन पर बरेली से जवाहरनगर रिश्तेदारी में आए थे। 

बरेली जिले के ब्रह्मपुर जाटवपुर निवासी राजीव सिंह (34) और किला रोड टंकी बरेली निवासी सफाई कर्मी मोनू कुमार अपने तहेरे भाई अवधेश आर्या (30) के साथ जवाहर नगर स्थित ससुराल लाखन के घर आए थे। शुक्रवार अपराह्न ढाई बजे राजीव सिंह, अवधेश आर्या, अंकित उर्फ मोनू, विशाल, विपिन, गौरव और अरमान कार और बाइक से जमरानी पहुंचे। यहां सभी नहाने लगे। अचानक पानी के तेज बहाव के चलते राजीव सिंह और अवधेश आर्या बह गए। दोनों को गायब देख साथी परेशान हो गए। कार की चाभी अवधेश के पास थी। इस कारण परेशान मोनू ने कार का शीशा तोड़कर गाड़ी को स्टार्ट करने का प्रयास किया। शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। 

कुछ लोगों ने रानीबाग चित्रशिला घाट पर दो युवकों को बहते हुए देखकर काठगोदाम थानाध्यक्ष कमाल हसन को सूचना दी। थानाध्यक्ष ने तत्काल बैराज बंद कराने के बाद दोनों युवकों को गुलाबघाटी के पास बहने से रोक तो दिया मगर तब तक दोनों की सांसें थम चुकीं थी। पुलिस दोनों को लेकर बेस अस्पताल पहुंची, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राजीव सिंह बरेली में एक कपड़े की दुकान में काम करता था। राजीव की एक बेटी और बेटा है। अवधेश आर्या ठेकेदारी का काम करता था। अवधेश की दो बेटियां हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें