फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: आज कहीं अंधड़ तो कहीं बारिश, कई पहाड़ी जिलों में ओले गिरने की भी संभावना

Thu, 16 May 2019 02:11 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
फाइल फोटो
विज्ञापन

प्रदेश के कई इलाकों में आज अंधड़ चल सकता है। मैदानी इलाकों में इसका असर ज्यादा रहने के आसार हैं। जबकि, पहाड़ी जिलों में ओले गिरने की संभावना है। वहीं आज सुबह राजधानी  देहरादून सहित आसपास के इलाकों में बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं ने मौसम सुहावना बना दिया। देहरादून के कुछ इलाकों में बारिश हुई। हरिद्वार में भी सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं दोपहर बाद हल्द्वानी में तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई। हल्द्वानी में तेज आंधी से दमुवाढुंगा में पनचक्की के पास बिजली की हाई टेंशन लाइन गिर गई।

विज्ञापन

मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में तेज रफ्तार आंधी चलने के आसार हैं। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के कुछ मैदानी इलाकों में इसकी अधिकतम रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। जबकि उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में ओले गिरने का अनुमान है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 18 मई तक प्रदेश में बारिश का मौसम बना हुआ है। ज्यादातर क्षेत्रों में इस दौरान बादल छाए रहेंगे। 

धूप से उछला पारा
पिछले कई दिनों से बादल छाए रहने और बारिश के कारण दून में तापमान गिर गया था। बुधवार को धूप खिलने के बाद इसमें तीन डिग्री का उछाल आया है। मंगलवार को जहां दून का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री था, वहीं बुधवार को यह 35 डिग्री तक पहुंच गया।

विज्ञापन
Trending Videos

मूसलाधार बारिश में बेतालघाट में दोमंजिले मकान की छत टूटी

मौसम ने बुधवार को 30 किमी के दायरे में ही कई रंग दिखाए। नैनीताल में आधे घंटे तक ओलावृष्टि के साथ मूसलाधार बारिश हुई। इससे जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हल्द्वानी में एक बूंद पानी नहीं गिरा मगर धूल भरी आंधी ने लोगों को परेशान किया। बेतालघाट ब्लॉक में दोमंजिले मकान की छत टूट गई।

सरोवरनगरी में बुधवार को सुबह तक धूप खिली हुई थी लेकिन 11 बजे बाद से मौसम का मिजाज बिगड़ना शुरू हो गया। पौने बारह बजे से तेज ओलावृष्टि के साथ ही मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब पौने एक बजे से फिर मौसम सामान्य हो गया और धूप खिलने से थोड़ी राहत महसूस हुई। बारिश और ओलावृष्टि की वजह से मालरोड में जल भराव के हालात बन गए। मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रदीप सिंह बिष्ट ने बताया कि आठ मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हल्द्वानी में बुधवार की सुबह चटक धूप खिली हुई थी।
 
दोपहर में आंधी शुरू हो गई। बेतालघाट ब्लॉक में मूसलाधार बारिश से धनियाकोट गांव के तल्लाकोट डाक निवासी जगमोहन सिंह जलाल (मोहन) के दोमंजिले मकान की छत टूट गई। बारिश के समय वह जानवर को मकान के नीचे वाले कमरे में बांध रहे थे, इसी दौरान मकान के आगे का हिस्सा भरभराकर गिरने से वह चोटिल हो गए। कौश्याकुटौली के तहसीलदार कृष्णा कुमार ने बताया कि पटवारी को मौके पर भेजा गया है। पटवारी के आकलन के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

फसलों को नुकसान
ज्योलीकोट और धानाचूली में बुधवार को 20 मिनट तक ओलावृष्टि हुई। धानाचूली क्षेत्र में ओलावृष्टि से किसानों की मटर, आलू की फसलों को नुकसान पहुंचा है।
विज्ञापन

मकान पर गिरी बिजली, ग्रामीण की मौत

धारचूला (पिथौरागढ़) में बलुवाकोट क्षेत्र के गटकुना गांव में मंगलवार शाम मकान पर बिजली गिरने से ग्रामीण की मौत हो गई। मंगलवार को मौसम खराब था। देर शाम जब गटकुना निवासी कल्याण सिंह बोरा (47) पुत्र पदम सिंह अपने पाथर वाले मकान में सोए हुए थे। कल्याण सिंह के परिजन दूसरे मकान में सोए थे। इस दौरान उसके मकान पर बिजली गिर गई।
 
बिजली गिरने की आवाज सुनकर गांव के  लोग जब मौके पर पहुंचे तो कल्याण सिंह की मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष तारा सिंह राणा ने बताया कि बलुवाकोट में संचार नेटवर्क में खराबी के कारण गांव के लोगों ने रात 10 बजे घटना की जानकारी दी। बुधवार सुबह पुलिस की टीम और पटवारी सुरेंद्र सिंह धामी मौके पर पहुंचे। पंचनामे के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। 

ग्राम प्रधान वंशीराम ने कहा कि कल्याण सिंह के तीन बेटे हैं। प्रधान ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। पटवारी सुरेंद्र सिंह धामी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें