ऋषिकेश में शुक्रवार देर रात और शनिवार सुबह बेमौसम की बारिश किसानों के लिए आफत बनकर आई। कोरोना के कारण किसान पहले गेंहू की फसल नहीं काट पा रहे थे, अब बारिश होने से खेतों में कटी फसल खराब होने की आशंका है। किसान मोहर सिंह का कहना है कि पहले हुई बारिश और ओलावृष्टि से गेंहू का दाना कमजोर पड़ गया था।
विनोद जुगलान ने बताया कि कुछ किसानों की ओर से मौसम की स्थिति को भांपते हुए काटी गई फसल तिरपाल से ढकने का प्रयास किया गया है। जंगल की सीमा से सटे खेतों में फसल को वन्य जीव पहले ही चट कर चुके हैं।
वहीं, प्रदेश के कुछ पहाड़ी इलाकों में आज ओले गिरने और बिजली चमकने का अनुमान है। कुछ मैदानी क्षेत्रों में तेज आंधी भी चल सकती है। मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश के ज्यादातर पहाड़ी इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान कुछ जगह ओले गिर सकते हैं।
इसके अलावा कई इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने का भी अनुमान है। वहीं दूसरी ओर कई मैदानी क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी भी दी है।
मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार आज प्रदेश में इस तरह का मौसम बना रह सकता है। राजधानी दून समेत आसपास के ज्यादातर इलाकों में भी हल्के बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही तेज आंधी चल सकती है।