छह और सात को बदलेगा मौसम
प्रदेश के छह जिलों में छह और सात जनवरी को मौसम एक बार फिर से करवट बदलेगा। इसको लेकर मौसम विभाग ने सूचना जारी की है। छह जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी और चमोली में हल्की बारिश की संभावना है। जबकि सात जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में मेघ के बरसने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों के देहरादून में फिलहाल मौसम शुष्क करने के साथ ही कोहरे छाए रहने की संभावना है। बृहस्पतिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मसूरी में बर्फबारी न होने से घटे सैलानी
शहर में बर्फबारी नहीं होने का असर पर्यटन व्यवसाय पर पड़ा है। 31 पर भी होटलियर के उम्मीद के मुताबिक सैलानी नहीं पहुंचे। इससे पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को झटका लगा है। होटलियर को उम्मीद थी कि नए साल का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी पहुंंचेंगे, लेकिन 70 फीसदी होटल ही पैक हो पाए। होटल एसोसिएशन के महासचिव अजय भार्गव ने बताया कि कम संख्या में सैलानियों के पहुंचने से आर्थिकी पर असर पड़ा है। पिछले साल की तुलना में इस बार 30 फीसदी सैलानी कम आए।
मसूरी ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल, महासचिव जगजीत कुकरेजा ने बताया कि जिस तरह से मौसम बन रहा है, उम्मीद है कि मसूरी में बर्फबारी होगी तो पर्यटक आएंगे। शहर में शीतलहर के चलते सैलानी कम पहुंच रहे हैं। मालरोड, अटल उद्यान, गनहिल, जॉर्ज एवरेस्ट सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों पर कम ही सैलानी देखने को मिल रहे हैं। संवाद