कुमाऊं के कुछ हिस्सों में आज मौसम साफ है तो कहीं कोहरा बना हुआ है। वहीं, मुनस्यारी में सीजन का पहला हिमपात हुआ। नैनीताल की चोटियों पर भी हल्का हिमपात हुआ। वहीं, नैनीताल के धानाचूली में बिती रात जमकर बर्फबारी हुई।
बुधवार रात मुनस्यारी के पातलथौड़, बलांती, बेटुलीधार, कालामुनि में करीब एक इंच जबकि खलिया में दो इंच हिमपात हुआ। पंचाचूली, हंसलिंग, नाग्निधुरा, छिपलाकेदार, सिदम खान की ऊंची चोटियां बर्फ से सराबोर हो गई। रानीखेत और बागेश्वर में भी बर्फबारी हुई।
औली में भी बर्फबारी
गुरुवार दोपहर बाद बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, फूलों की घाटी, औली, गोरसों सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई जो तड़के तक जारी रही। वहीं, आज मौसम साफ है। बर्फ से सराबोर वादियां धूप खिलने से और भी खूबसूरत नजर आ रही हैं।