अगर आप पहाड़ों की रानी मसूरी में मौज मस्ती करने आ रहे हैं और मालरोड समेत यहां की अन्य सड़कों पर चहलकदमी का लुत्फ उठाना चाहते हैं तो जरा संभलकर! यहां की सड़कों पर गड्ढों में गिरकर आप कभी भी घायल हो सकते हैं।
मालरोड सहित मसूरी की अन्य सड़काें का इन दिनों बुरा हाल है। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढों की वजह से पर्यटकों के अलावा स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि इन गड्ढों में गिरकर कई लोग घायल हो चुके हैं। मसूरी मालरोड स्टेट बैंक से झूलाघर तक सड़क की स्थिति बेहद खराब है। वहीं, मसूरी-देहरादून मार्ग पर बडे़ मोड़ के पास गड्ढों से आए दिन हादसे हो रहे हैं। बावजूद इसके नगर पालिका और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
यात्रा सीजन से पहले मालरोड का डामरीकरण किया गया था। इस दौरान सीवर के ढक्कनों को दबा दिया गया, लेकिन बारिश में जब सीवर चैंबर जाम हो गए तो जल संस्थान ने चैबरों की खुदाई कर दी। इस वजह से स्थिति और खराब हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत संबंधित विभागों के अधिकारियों से की, लेकिन इस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, विधायक गणेश जोशी का कहना है कि बारिश अधिक होने के कारण कई सड़कें खस्ताहाल हो गई हैं। बारिश समाप्त होने के बाद इनकी मरम्मत कराई जाएगी।