प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान बहुत भारी होने की आशंका है। विशेषकर सात जिलों में ज्यादा बारिश होगी। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। साथ ही कुमाऊं के निचले मैदानी क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।
मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश के लगभग सभी क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश हो सकती है। विशेषकर राजधानी देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर और चंपावत में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करने के साथ ही कुमाऊं के निचले मैदानी क्षेत्रों के लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा है।
उधर, अलर्ट जारी होने के बाद शासन ने भी सभी जिलाधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। आपदा परिचालन केंद्र ने राज्य के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही रोकने, रात आठ बजे से सुबह पांच बजे के दौरान आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य का संचालन बंद करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं, बंद सड़कों को खोलने के लिए लोनिवि, सीपीडब्ल्यूडी, बीआरओ और पीएमजीएसवाई समेत अन्य एजेंसियों को भी तैयार रहने को कहा गया है।