उत्तराखंड के चमोली जिले में रविवार को दोपहर बाद फिर मौसम बदल गया। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, लाल माटी, फूलों की घाटी, घांघरिया सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। मौसम में आए बदलाव से ठंड फिर शुरु हो गई है।
जिले के दूरस्थ रामणी, ल्वाणी, झींझी, पगना, पाणा, ईराणी, डुमक, कलगोठ के साथ ही ऊंचाई वाले गांवों में झमाझम बारिश हुई। ल्वाणी गांव की रोशनी पंवार और लक्ष्मण का कहना है कि बारिश, बर्फबारी होने से ठंड लौट आई है। गांवों में जनवरी माह जैसी ठंड पड़ रही है।
वहीं, मौसम विभाग के अनुसार, 24 और 28 मार्च को प्रदेश में बारिश के आसार हैं। 24 को कुछ इलाकों में और 28 को लगभग पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। पूरे हफ्ते के दौरान अलग-अलग स्थानों पर छिटपुट बारिश होती रहेगी।
मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, 24 मार्च को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश होने का अनुमान है। विशेषकर पहाड़ के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 25 से 27 मार्च के दौरान कुछ छोटे-छोटे हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। 28 मार्च को प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में बारिश के आसार बने हुए हैं।
साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी। कुछ क्षेत्रों में ओले गिर सकते हैं। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 29 और 30 मार्च को भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। दून और आसपास के इलाकों में आज मौसम साफ रहेगा। शाम के समय हल्के बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में बेहद हल्की बारिश भी हो सकती है।