बदरीनाथ हाईवे पर बेनाकुली में ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत निर्मित करीब 20 मीटर सीमेंट का पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे यहां यात्रा वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं। खचड़ा नाला और लामबगड़ नाले में भी हाईवे की स्थिति खतरनाक बनी हुई है। पिछले एक सप्ताह से रुक-रुककर हो रही बारिश से बदरीनाथ हाईवे बेहद खस्ताहाल में पहुंच गया है। जगह-जगह भूस्खलन होने से हाईवे पर मलबे के ढेर लगे हैं।
सीमा सड़क संगठन की ओर से जिन जगहों पर ऑलवेदर रोड की अधूरी हिल कटिंग की गई है, वहां से पहाड़ियां दरक रही हैं। टैय्या पुल से रडांग बैंड तक हाईवे पर पुश्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जोशीमठ संघर्ष समिति के प्रवक्ता कमल रतूड़ी का कहना है कि ऑलवेदर रोड के तहत हो रहे कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है। करोड़ों की लागत से बना पुश्ता एक बरसात भी नहीं झेल पाया है। जिला प्रशासन को ऑलवेदर रोड परियोजना की मॉनीटरिंग करनी चाहिए।