फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand Weather: भारी बारिश से कुमाऊं में जनजीवन अस्तव्यस्त, शुक्रवार को बंद रहेंगे चार जिलों के सभी स्कूल

Thu, 06 Jul 2023 02:45 PM IST
रेनू सकलानी संवाद न्यूज एजेंसी, नैनीताल

सार

Uttarakhand Weather News Today: बारिश के अलर्ट को देखते हुए कुमाऊं के अल्मोड़ा, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल जिलों में शुक्रवार को पहली से 12वीं तक के सभी शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
विज्ञापन
भारी बारिश से नदी नाले उफान पर - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पहाड़ से तराई भाबर तक बृहस्पतिवार को बारिश ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया। तराई में जलभराव और पहाड़ों पर जगह-जगह 57 सड़कें बंद हो गईं। मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए कुमाऊं के अल्मोड़ा, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल जिलों में शुक्रवार को पहली से 12वीं तक के सभी शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। चारों जिलों के जिलाधिकारी ने इस आशय के आदेश जारी किए हैं। हालांकि प्रधानाचार्य, शिक्षक और अन्य स्टाफ को स्कूल जाना होगा।

विज्ञापन


बागेश्वर में पांच, अल्मोड़ा में नौ, चंपावत में सात, पिथौरागढ़ में 13 और नैनीताल में 23 सड़कें बंद हैं। सड़कों के बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रसोई गैस, खाद्यान्न सहित अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। ग्रामीण क्षेत्र के दूध और सब्जी उत्पादक अपने उत्पादों को बाजार तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। डीडीहाट के ग्राम सभा खोली भातड़ में मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। भूस्खलन के कारण टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग एक घंटे बंद रहा। धारचूला के दारमा घाटी में चल गांव को जोड़ने वाली धौली नदी किनारे लगी ट्रॉली बह गई है। इस कारण 50 परिवारों का शेष दुनिया से संपर्क कट गया है। नालों के भी रौद्र रूप धारण करने से कीड़ा जड़ी दोहन करने गए 25 लोगों को जान जोखिम में डालकर गांव पहुंचना पड़ा। ठुलीगाड़ से जौलजीबी के लिए जाने वाली निर्माणाधीन सड़क पर चरण मंदिर के पास मलबा गिर गया। भूस्खलन से पुनाबे-सिप्टी सड़क के बंद होने से 40 से अधिक छात्र-छात्राएं सिप्टी जीआईसी नहीं पहुंच सके। मार्ग बंद होने से पूर्णागिरि धाम क्षेत्र और आसपास के गांवों का टनकपुर से सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है।

ये भी पढ़ें...Uttarakhand Weather: आफत बनकर बरस रही बारिश, नैनीताल में भूस्खलन, तस्वीरों में देखें नदी-नालों का रौद्र रूप
विज्ञापन


अल्मोड़ा में सड़कें बंद होने से 40,000 की आबादी परेशान है। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भौर्या मोड़ के पास थुवा की पहाड़ी से सुबह 10:30 बजे सड़क पर भारी मात्रा में पत्थर और बोल्डर आ गए जिससे तीन घंटे तक यातायात ठप हो गया। नैनीताल में पर्यटक गतिविधियां भी दोपहर तक ठप रही और पर्यटक स्थलों में सन्नाटा परसा रहा। नैनीताल में राजभवन रोड का 20 मीटर हिस्सा दरक गया। सुरक्षा के लिहाज से राजभवन रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद करा दी गई है। रामनगर में ढेला और टेढ़ा नाले पर बहाव पर आने से कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ।

तराई में भी झमाझम बारिश हुई है। रुद्रपुर में कॉलोनियों में पानी भर गया। काशीपुर में सबसे अधिक 128 मिमी तो सितारगंज में सबसे कम दो मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। काशीपुर में जगह-जगह जलभराव हो गया। कई कालोनियों में पानी भर गया।

विज्ञापन

उत्तराखंड में सक्रिय हुआ मानसून

जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि मानसून उत्तराखंड में पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है। इसके चलते पिछले हल्की से मध्यम बारिश आगे भी जारी रहेगी। शुक्रवार और शनिवार को भी तराई में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। संवाद

भारी बारिश के चलते पंतनगर की सभी उड़ान रद्द

बृहस्पतिवार को सुबह से शुरू होकर दोपहर बाद तक जारी रही बारिश का प्रभाव हवाई सेवाओं पर पड़ा। कम दृश्यता की वजह से इंडिगो की सभी फ्लाइट रद्द कर दी गईं। सुबह से जारी बारिश के चलते पंतनगर में दृश्यता आठ सौ मीटर से अधिक नहीं बढ़ पाई थी। इसके चलते दिल्ली-पंतनगर के बीच दोनों फ्लाइट (6ई 7156 और 6ई 7324) सहित लखनऊ-पंतनगर (6ई 7326) और जयपुर-पंतनगर (6ई 7482) फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। फ्लाइट रद्द होने से दिल्ली, जयपुर व लखनऊ से पंतनगर आने वाले 171 और पंतनगर से इन शहरों को जाने वाले 160 यात्रियों को निराश होना पड़ा। सभी यात्रियों को इंडिगो प्रबंधन ने सड़क मार्ग द्वारा टैक्सी से भेजने की व्यवस्था सहित किराया वापस लेने का विकल्प उपलब्ध कराया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें