तेज दौर की बारिश से मौसम हुआ सुहाना
बीते कुछ दिनों से दून में गर्मी अपने तेवर दिखा रही थी। बृहस्पतिवार को भी सुबह से खिली धूप से तापमान में इजाफा देखने को मिला लेकिन दोपहर बाद छाए बादल और शाम करीब पांच बजे हुई तेज दौर की बारिश से न सिर्फ मौसम सुहाना हुआ बल्कि गर्मी से भी राहत मिली। आंकड़ों पर नजर डालें तो दिन में दून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री इजाफे के साथ 33.0 डिग्री रहा। जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 21.4 डिग्री रहा। आज भी जिले के अलग-अलग हिस्सों में तेज दौर की बारिश होने की संभावना है और अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने के आसार हैं।
पर्वतीय इलाकों में तेज बारिश की चेतावनी
प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में तेज दौर की बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को देहरादून समेत बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ तेज दौर की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है।