फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: मैदानी इलाकों में बारिश से राहत, धारचूला-लिपुलेख सड़क पर पुल बहने से तीन घाटियों का संपर्क कटा

Thu, 08 Jul 2021 09:32 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

सार

मौसम के बदले मिजाज और बारिश के चलते चार बजे के आसपास अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे पिछले कई दिनों से गर्मी का सामना कर रहे लोगों को थोड़ी राहत मिली।
विज्ञापन
दोपहर बाद घिर आए काले बादल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी दून व आसपास के इलाकों में बृहस्पतिवार को एक बार फिर मौसम का अजीबोगरीब रंग देखने को मिला। मौसम के बदले मिजाज के चलते राजधानी के कुछ इलाकों में दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई और चौराहों पर जलभराव होने से जाम लग गया। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम को खुलवाने के लिए पुलिसकर्मियों को जद्दोजहद करनी पड़ी। वहीं, कई इलाकों में सिर्फ बूंदाबांदी हुई। 

विज्ञापन


वैसे तो राजधानी दून व आसपास के इलाकों में बादल सुबह से छाए हुए थे, लेकिन अपराह्न तीन बजे मौसम ने अचानक करवट ले ली। आसमान में काले घने बादल छाए और फिर झमाझम बारिश हो गई। राजधानी के जीएमएस रोड, धर्मपुर, नेहरू कॉलोनी, कारगी चौक, हरिद्वार रोड, ओल्ड नेहरू कॉलोनी, लक्ष्मी रोड, डालनवाला, जीएमएस रोड, बसंत विहार, इंदिरानगर, आईएसबीटी, माजरा, चकराता रोड, घंटाघर, राजपुर समेत ज्यादातर इलाकों में झमाझम बारिश हुई। 

बारिश होने से तमाम चौराहों पर जलभराव हो गया, जिसके चलते यातायात भी बाधित हुआ। वहीं मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले 24 घंटे में देहरादून में आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। 
विज्ञापन


कई इलाकों में गुल हुई बिजली
राजधानी के कई इलाकों में बारिश के चलते बिजली चले जाने से भी लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ीं। बारिश के चलते जंफर उड़ने से बिजली गुल हो गई। आखिरकार बारिश थमने के साथ ही बिजलीकर्मियों ने मरम्मत कर आपूर्ति बहाल की। कई इलाकों में बिजली की आंख मिचौली देर शाम तक जारी रही।  

विज्ञापन

धारचूला-लिपुलेख सड़क पर पुल बहने से तीन घाटियों का संपर्क कटा

पिथौरागढ़ जिले के सीमांत धारचूला में हुई मूसलाधार बारिश से नदी, नाले उफान पर हैं। इससे धारचूला-लिपुलेख मोटर मार्ग पर कुलागाड़ में बना आरसीसी पुल बह गया। पुल बहने से धारचूला की दारमा, व्यास, चौंदास घाटी का संपर्क कट गया। इस कारण सीमांत के ग्रामीणों के साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश और मलबा आने से चीन सीमा को जोड़ने वाली चार सड़कों समेत जिले की 19 सड़कें बंद हो गई हैं।

धारचूला में 32.5 मिमी और मुनस्यारी में 11 मिमी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। बुधवार रात धारचूला से 10 किमी दूर स्थित रांथी के कुलागाड़ में वर्ष 1999 में बना 157 फुट लंबा आरसीसी का पुल बह गया जिससे चौंदास के 14, व्यास के सात और दारमा के 30 गांवों का संपर्क कट गया है। लोगों का कहना है कि बारिश तो सामान्य थी लेकिन ऊपरी क्षेत्रों से आए मलबे का बहाव इतना अधिक था कि कुलागाड़ में बना पुल काली नदी में समा गया। 

एनएचपीसी में लगे सीआईएसफ के जवानों ने ग्रिफ के जेई को इसकी सूचना दी। पुल बहने की सूचना के बाद बीआरओ के चीफ इंजीनियर और कमांडेंट ने मौका मुआयना किया। पुल बहने के बाद सड़क के दोनों और सैकड़ों वाहन फंस गए हैं। फिलहाल पैदल आवाजाही के लिए ग्रिफ ने अस्थायी पुल बना दिया है। लोग अस्थायी पुल से आवाजाही कर वाहनों की अदला-बदली कर रहे हैं। लोगों ने बीआरओ से शीघ्र पुल का निर्माण की मांग की है।

सुरक्षा बलों के लिए रसद से लेकर गांवों में जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति होगी प्रभावित
धारचूला-तवाघाट-लिपुलेख सड़क से ही भारत-चीन और भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों के जवान आवागमन करते हैं। रसद की आपूर्ति भी इसी सड़क मार्ग से की जाती है। इस पुल के बहने से सुरक्षा एजेंसियों के जवानों का आवागमन भी बंद हो गया है। अब सुरक्षा एजेंसियों के जवानों और अधिकारियों को भी पुल निर्माण तक आवागमन के लिए पैदल ही लकड़ी के पुल से आवागमन करना पड़ेगा। सड़क बंद होने से सीमांत के गांवों में राशन, फल सब्जी सहित अन्य वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित रहेगी। 

पिथौरागढ़ शहर और आसपास के गांवों में 20 दिनों से नहीं हुई बारिश
जहां एक ओर धारचूला-मुनस्यारी में लगातार बारिश हो रही है वहीं नगरीय क्षेत्र पिथौरागढ़ के आसपास वाले गांवों में 20 दिनों से बारिश न होने के कारण गर्मी पड़ रही है। कम बारिश होने से फसलें सूखने लगीं हैं। बागवानी को सर्वाधिक नुकसान हो रहा है। किसान किसी तरह पानी की व्यवस्था पर सिंचाई कर रहे हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें