अगस्त्यमुनि ब्लॉक के रानीगढ़ पट्टी के कोट बिचला गांव के 40 परिवार कई दिनों से रतजगा को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने की मांग की है। इस संबंध में उत्तराखंड शासन को ज्ञापन भी भेजा गया है।
23/24 अगस्त को हुई मूसलाधार बारिश से हुए भूस्खलन के कारण गांव के 40 परिवारों के आवासीय भवन खतरे की जद में आ गए हैं। बिंदीलाल शाह, सुरेंद्र लाल, रमेश लाल, श्याम लाल, गिरीश लाल, भवानी देवी, सत्येश्वरी देवी, शांति देवी, उमा देवी परबली लाल आदि का कहना है कि भूस्खलन से आवासीय मकान, गोशाला व कृषि भूमि को नुकसान हुआ है।
गांव की सार्वजनिक पेयजल टंकी भी मलबे से ध्वस्त हो गई है, लेकिन प्रशासन व राजस्व विभाग ने अभी तक सुध नहीं ली है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने के साथ ही ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी सुरक्षित जमीन पर विस्थापित करने की मांग की है।