पहाड़ों की रानी मसूरी और पर्यटन नगरी धनोल्टी में शनिवार को बर्फ देखने बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे। बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने और मार्ग पर पाला पड़ा होने से पर्यटकों को लंबे जाम का सामना करना पड़ा। शहरभर में जगह-जगह लगे जाम से सैलानी दिनभर परेशान रहे।
शहर में पिक्चर पैलेस चौक से लेकर लंढौर मलिंगार सहित टिहरी बाईपास रोड लक्ष्मणपुरी के पास लंबा जाम लगा रहा। इससे सैलानियों के साथ ही स्थानीय लोग भी परेशान रहे। दिल्ली से आए सैलानी निशांत सिंह ने कहा कि बर्फ देखने के लिए मसूरी आए थे, लेकिन लंढौर-मलिंगार में काफी देर तक जाम में फंसे रहे। वहीं, शहर कोतवाल देवेंद्र सिंह असवाल ने बताया कि धनोल्टी जाने वाले अधिकांश सैलानियों को राज्यपाल के आने के कारण लंढौर की ओर डायवर्ट किया गया था, जिसके चलते हो सकता है कुछ देर जाम लग गया हो।
वहीं, बुरांशखंडा और धनोल्टी में भी बर्फ देखने बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे, लेकिन बुरांशखंडा क्षेत्र में लंबा जाम लगने से पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एसडीएम रविंद्र जुवांठा ने बताया कि बर्फ और पाले में वाहन फिसल रहे हैं। इससे जाम की स्थित बन रही है। कई लोग गलत तरीके से भी सड़क पर वाहन खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं।
पाला बना मुसीबत, वाहनों के फिसलने का खतरा बढ़ा
मसूरी शहर में बर्फबारी के बाद मौसम तो साफ हो गया, लेकिन पाला पड़ने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मसूरी-धनोल्टी मार्ग, कैंपटी मार्ग पर कई स्थानों पर पाला पड़ने से वाहन फिसल रहे हैं। इससे मार्ग पर वाहनों की कतार लग रही है।