जाखणीधार ब्लॉक के पिपोला (ढुंगमंदार) में बादल फटने के कारण भारी नुकसान हुआ है। कई घरों में मलबा घुस गया जबकि गांव के करीब 16 लोगों के मकान खतरे की जद में आ गए हैं। सात पेयजल लाइन, पैदल रास्ते, स्कूल, पंचायत घर का अतिरिक्त कक्ष समेत ग्रामीणों की करीब एक हजार हेक्टेयर कृषि भूमि मलबे की भेंट चढ़ गई है।
बारिश के मलबे के कारण बंद हुए घनसाली-सुनहरीगाड-रजाखेत मार्ग को लोनिवि ने कड़ी मेहनत के बाद खोल दिया है। इसके साथ ही भिलंगना के मल्याकोट, घनसाली बाजार, प्रतापनगर के भरपुरियागांव में भी बारिश के मलबे के कारण भारी नुकसान हुआ है।
गुरुवार रात को पिपोला गांव के अनगढ़, कैला और डांग नामे तोक में बादल फटने के कारण गांव में भारी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों की करीब एक हजार हेक्टेयर कृषि भूमि पर मलबा पसर गया है। घरों में मलबा घुस गया, जिससे उनके सामने रहने का संकट खड़ा हो गया।
जल जीवन मिशन के तहत गांव में हाल ही में बिछाई गई पेयजल लाइन समेत गांव में पहले से बनी छह पेयजल योजनाएं, चार टैंक, टीनशेड, प्राकृतिक पेयजल स्रोत, जूनियर हाईस्कूल का कंप्यूटर कक्ष और गांव के पैदल रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए।