चोरगलिया (नैनीताल) में भारी बारिश से बृहस्पतिवार को नदी और नाले उफान पर आ गए। नंधौर नदी पार कर रहे मल्ला चोलगलिया निवासी खेमानंद बनोला (45) पुत्र देवीदत्त बनोला की बुधवार शाम बहने से मौत हो गई। वह पड़ोसी हरीश बजेठा के साथ नंधौर नदी के पार कर घास काटने गया था।
वहीं, हल्द्वानी-चोरगलिया मुख्य मार्ग पर सूर्या और शेर नाले के उफान पर आने से तीन घंटे यातायात बंद रहा। सिडकुल कर्मचारियों को ले जा रही बस पानी के तेज बहव को पार करने की कोशिश में सूर्या नाले के बीचों बीच बंद हो गई।
जेसीबी से बस को बाहर निकाला गया। पुलिस ने बस चालक का चालान किया है। उधर, लगातार दूसरे दिन भी टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) डेढ़ घंटे से अधिक वक्त तक बंद रहा।
शुक्रवार को कई जगह छाए रहेंगे बादल
प्रदेश में कई इलाकों में शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे। कुमाऊं के कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, कई इलाकों में तेज बौछारें पड़ने का अनुमान है। गढ़वाल में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।