वहीं लगातार जारी बारिश दो परिवारों पर काल बनकर टूटी है। उत्तराखंड के भवाली में एक घर की सुरक्षा दीवार टूटने के दो लोग दब गए तो वहीं बाजपुर में एक मकान टूटने से दो लोगों की दबकर मौत हो गई।
भवाली में भीमताल रोड स्थित नगारी गांव में एक निर्माणाधीन मकान की सुरक्षा दीवार टूटकर नीचे घर में गिर गई। जिससे घर में सो रहे दो लोग मलबे में दब गए। जानकारी के अनुसार बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश से नगारी गांव निवासी प्रीति भल्ला पति जर्नल अमरजीत सिंह भल्ला के घर पर गुरुवार सुबह निर्माणाधीन मकान की सुरक्षा दीवार गिर गई।
आनन फानन में दोनों ने बाथरूम में जाकर अपनी जान बचाई। सुबह रेस्क्यू कर दोनों को सीएचीसी भेजा गया। प्रीति भल्ला को ज्यादा चोटे लगने से हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बाजपुर में केलाखेड़ा के निकट गांव रम्पुरा काजी स्थित कच्चे मकान की दीवार धराशायी हो गई। अंदर सो रहे दो लोगों की दबकर मौत हो गई। गुरुवार सुबह पांच बजे तेज हवा और बारिश के चलते गांव रम्पुरा काजी में एक कच्चे मकान की दीवार अचानक धराशायी हो गई। कच्चे मकान के अंदर सो रहे शंकर (28) निवासी ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर और मुकेश (40) निवासी खेड़ा रुद्रपुर की दबकर मौत हो गई।
सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। एसडीएम विवेक प्रकाश, सीओ वंदना वर्मा, एसओ बीसी जोशी ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। पुलिस ने दोनों शवो को कब्जे में लेकर पंचायत नामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चमोली जिले के कर्णप्रयाग, थराली, देवाल, नारायणबगड़, आदिबदरी, गैैरसैंण, लंगासू सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार सुबह से हल्की बारिश जारी है। बारिश के कारण तापमान में काफी गिरावट आई है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में निवास करने वाले लोगों ने फिर से गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं।
जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। बदरीनाथ धाम की चोटियों के साथ ही हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से बर्फीली हवाएं भी चल रही हैं। बारिश-बर्फबारी से चीन सीमा क्षेत्र माणा पास को जोड़ने वाली सड़क से बर्फ हटाने का काम भी प्रभावित हो रहा है।
पिछले साल इन दिनों कर्णप्रयाग का तापमान 30 डिग्री सैल्सियस से अधिक था, लेकिन बारिश से ठंड बढ़ने से अब तापमान 17 डिग्री सैल्सियस से नीचे पहुंच गया है। पिंडर घाटी के नारायणबगड़ में भी बुधवार सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश जारी है। वहां बुधवार सुबह 6 बजे लाइन में तकनीकी खराबी आने से बिजली गुल हो गई है।
बारिश से कर्णप्रयाग-ग्वालदम हाईवे पर जगह-जगह मलबा आ गया है। हालांकि रोड चौड़ी होने से वाहनों की आवाजाही जारी है। तापमान में गिरावट आ जाने से मई के महीने में ठंड का अहसास हो रहा है। वहां सामान्य जनजीवन कोविड और बारिश के कारण ठहर सा गया है। थराली और देवाल में बुधवार करीब 28 घंटे से बिजली की आपूर्ति बंद हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार जारी बारिश से अलकनंदा नदी के जल स्तर में बढ़ोतरी हुई है।
श्रीनगर क्षेत्र में रात से बारिश जारी है। उत्तरकाशी में भी बारिश का सिलसिला जारी है। बीती रात से लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। वहीं माणा गांव के समीप की चोटियों पर बर्फबारी हो रही है। टिहरी के घनसाली में रात से रिमझिम बारिश से मौसम में ठंडक है, यहां पहाड़ियों पर कोहरा लगा हुआ है।
टिहरी जिले में बीती रात से बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। बारिश से जिले में नुकसान की कहीं से कोई सूचना नहीं है। रुद्रप्रयाग जिले में रात से बारिश हो रही है। पहाड़ियों पर कोहरा छाया हुआ है।
कुमाऊं मंडल में रुक-रुककर कल से लगातार बारिश
वहीं कुमाऊं मंडल के रुद्रपुर, भीमताल, चंपावत, बाजपुर, जसपुर, द्वाराहाट, पिथौरागढ़, चौखुटिया, बागेश्वर, टनकपुर व हल्दूचौड़ में रुक-रुककर कल से लगातार बारिश हो रही है।