आज (शनिवार) को राजधानी देहरादून में आसमान मुख्यत: साफ रहने से लेकर आंशिक बादल छाए रहने के आसार हैं। दून में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेंटीग्रेड के लगभग रहने की संभावना जताई गई है।
वहीं मसूरी शहर में शुक्रवार को बारिश होने से मौसम में एक बार फिर ठंड वापस लौट आई है। अचानक मौसम का मिजाज बदलने से शहर में हल्की बारिश हुई, जिससे शहर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश होने से शहर का मौसम खुशनुमा हो गया है।
आसमान में छाए बादलों ने बढ़ाई किसानों की चिंता
आसमान में काले बादल छाने के साथ ही जनपद के किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गईं। क्योंकि, इस समय जनपद के किसान सरसों की कटाई कर रहे हैं। इस बार हरिद्वार जनपद के किसानों ने 44 हजार हेक्टेयर भूमि पर गेहूं के साथ-साथ लगभग 1500 हेक्टेयर भूमि पर सरसों की फसल बोई है।
इस समय खेतों में खड़ी सरसों की फसल की कटाई का कार्य जोरों पर है। इसी बीच शुक्रवार को मौसम ने करवट बदली और आसमान में काले बादल छाए रहने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसान सुशील चौधरी, ब्रिजेश शर्मा और रजत शर्मा आदि का कहना है कि सरसों की फसल की कटाई कर उसे खेतों की मेढ़ पर सूखने के लिए रखा गया है।
अगर बारिश हुई तो सरसों की फसल को नुकसान होगा। मुख्य कृषि अधिकारी विकेश कुमार यादव का कहना है कि जल्द अपनी फसल को समेटकर घरों तक पहुंचाएं।