कुमाऊं भर में मंगलवार देर रात और बुधवार को पहाड़ के सभी जिलों में तेज हवाओं के बीच बारिश और चोटियों पर हिमपात के बाद तापमान में भारी गिरावट आई है। इससे गर्मी से भी लोगों को राहत मिली है।
तेज हवाओं के चलते कई जगहों पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। अल्मोड़ा के हवालाबाग क्षेत्र में रेलाकोट गांव में बड़ा पेड़ एक मकान पर गिर गया। इस दौरान एक बड़ा सा पत्थर मकान की छत को तोड़कर अंदर घुस गया। जब यह हादसा हुआ तब घर में दो बच्चे सो रहे थे। गनीमत है कि दोनों सही सलामत बच गए।
मंगलवार की रात पिथौरागढ़ जिले में मुनस्यारी के उच्च हिमालयी क्षेत्र पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा, छिपलाकेदार, खलियाटॉप और मल्ला जोहार में दो इंच बर्फबारी हुई। धारचूला के व्यास और दारमा घाटियों में भी हिमपात हुआ। इसके अलावा जिले भर में बारिश हुई। मुनस्यारी में हुई सर्वाधिक 10 एमएम बारिश हुई। अल्मोड़ा जिले के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई है। कुछ इलाकों में हल्की बौछारें पड़ीं। अल्मोड़ा में तीन एमएम बारिश दर्ज की गई। जिले में अल्मोड़ा नगर, तोली, जागेश्वर, आरतोला, मनीआगर आदि जगहों पर हल्की ओलावृष्टि भी हुई है।
सड़क पर पेड़ों के गिरने से लोहाघाट-हल्द्वानी मोटर मार्ग करीब तीन घंटे तक बाधित रहा। चंपावत, लोहाघाट और पाटी में बीते 24 घंटों में एक-एक मिलीमीटर बारिश हुई।
नैनीताल में मंगलवार को देर रात बारिश हुई। सुबह नौ बजे बाद एक बार फिर से बारिश शुरू हो गई। देर शाम तक कभी धूप तो कभी बारिश का सिलसिला जारी रहा। बारिश के वजह से ठंड भी महसूस की गई। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप बिष्ट ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।