सोमवार को गढ़वाल में दिन में तो चटक धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद बादल छाने से ठंड बढ़ गई। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ जमी होने और मौसम के करवट बदलने से निचले इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे लोग शाम होते ही घरों में दुबक गए।
रुद्रप्रयाग जिले के कुंड-ऊखीमठ-चोपता-मंडल-गोपेश्वर हाईवे पर दुगलबिट्टा से आगे अत्यधिक पाला गिरने से पर्यटकों के वाहन रपट रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
चारों धामों में बर्फबारी के साथ ठंड को प्रकोप जारी है। केदारनाथ में तापमान अधिकतम 14, न्यूनतम -10 डिग्री सेल्सियस, बदरीनाथ अधिकतम 1 और न्यूनतम -13, यमुनोत्री व गंगोत्री में अधिकतम 3 और न्यूनतम -9 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क रहा है।
जिला प्रशासन के निर्देश पर मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. आनंद भारद्वाज ने कक्षा 12 के समस्त स्कूलों में मंगलवार के दिन का अवकाश घोषित किया है। उन्होंने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को सूचना जारी करते हुए बताया है कि जिन स्कूलों में प्री बोर्ड परीक्षा सुचारू है, उनमें परीक्षा नियत समय पर होगी।
यहां मंगलवार को भी ठंड का कहर जारी रहा। सुबह से घना कोहरा छाया रहा। हल्की हवा के साथ ठंड का प्रकोप जारी है। लोग परेशान हैं। सोमवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा और कोहरे का प्रकोप शाम तक बना रहा। शाम होने के साथ-साथ फिर से कोहरे ने हरिद्वार नगरी को अपने आगोश में लपेट लिया। हालात यह हो गए कि घरों से निकलता तो दूर की बात घर में रहना भी मुश्किल हो गया।
सड़कों पर चल रहे वाहनों को धीमी गति से चलाया गया। गनीमत रही कि हाईवे पर कोई दुर्घटना नहीं हुई। एनआईएच रुड़की के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनोहर अरोड़ा ने बताया कि अधिकतम तापमान 9 और न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।