चमोली जिले में सोमवार को मौसम ने फिर करवट ली। जिले में बर्फबारी, बारिश और ओलावृष्टि से ठंड लौट आई है। बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, घांघरिया, गौरसों बुग्याल, औली, रुद्रनाथ, लाल माटी, पनार, नंदा घुंघटी, नीती और माणा घाटियों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। गोपेश्वर में करीब पंद्रह मिनट तक ओलावृष्टि भी हुई।
बारिश और बर्फबारी से बद्रीनाथ हाईवे पर ऑलवेदर रोड और बर्फ हटाने का काम भी प्रभावित हुआ। बर्फबारी के कारण दोपहर बारह बजे ही सीमा सड़क संगठन को बर्फ हटाने का काम बंद करना पड़ा। वहीं, मौसम में आए बदलाव से ठंडक बढ़ गई है। बारिश और ओलावृष्टि को धान व मटर की फसलों के साथ ही फलों के लिए नुकसानदायक बताया जा रहा है। सोमवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। पूर्वाह्न ग्यारह बजे से बारिश शुरू हो गई थी। देर शाम तक भी रुक-रुककर बारिश होती रही। जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी देर शाम तक बर्फबारी का दौर जारी रहा।
केदारनाथ में दिन चढ़ने के साथ ही मौसम का मिजाज बिगड़ता रहा और दोपहर 12 बजे के बाद बर्फबारी शुरू हो गई। इस दौरान आठ इंच से अधिक बर्फ जम गई थी। इससे पूर्व बीते रविवार को भी यहां रात में बर्फबारी हुई थी। केदारनाथ धाम में अब 12 फीट से अधिक बर्फ जमा हो गई है। उधर, द्वितीय केदार मद्महेश्वर और तृतीय केदार तुंगनाथ धाम सहित कालीशिला, चौमासी, तोषी, रांसी, त्रियुगीनारायण के ऊपरी क्षेत्रों में हिमपात हुआ है।
उत्तरकाशी में निचली घाटियों में रिमझिम बारिश के साथ ही यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। बारिश-बर्फबारी के चलते तापमान में जबर्दस्त गिरावट के चलते एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। बीते कुछ दिनों से चटक धूप के साथ गर्मी का अहसास बढ़ गया था। तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। सोमवार सुबह जिले के आसमान में बादल छाने के साथ ही निचली घाटियों में रिमझिम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया।
जबकि यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम समेत समुद्र सतह से तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ। मौसम में आए इस बदलाव से जिले में एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। सोमवार को जिला मुख्यालय समेत निचली घाटियों में अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि बर्फबारी वाले क्षेत्रों में पारा शून्य के आसपास बना हुआ है। मार्च अंतिम सप्ताह में मौसम के इस रुख को देखकर लोग हैरान हैं।
प्रदेश के 11 जिलों में इस महीने अब तक औसत से कम बारिश हुई है। केवल राजधानी देहरादून और नैनीताल में सामान्य से कुछ अधिक बारिश हुई है। वहीं, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, चंपावत और बागेश्वर में औसत की आधी भी बारिश नहीं हुई है।
मौसम केंद्र की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश कम हुई है। अब तक सामान्य औसत से 34 फीसदी कम बारिश हुई है। प्रदेश में औसतन 20 मार्च तक 37.2 मिमी बारिश होती है लेकिन इस वर्ष अब तक केवल 24.7 मिमी बारिश ही हुई है।
मार्च में हुई जिलेवार बारिश (20 मार्च तक)
जिला सामान्य बारिश
अल्मोड़ा 30.2 21.5
बागेश्वर 30.2 15.2
चमोली 53 35.2
चंपावत 21.9 10
देहरादून 32 35.3
पौड़ी 24 9.8
टिहरी 38.2 25.9
हरिद्वार 20.7 3.5
नैनीताल 23.4 25.5
पिथौरागढ़ 40.7 32.7
रुद्रप्रयाग 55.9 19.7
यूएस नगर 8.8 7.5
उत्तरकाशी 55.5 33.6
(सभी आंकड़े मिमी में)