फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरिद्वारः सर्दी ढा रही सितम, बुधवार रहा सीजन का सबसे ठंडा दिन

Wed, 18 Dec 2019 06:53 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरिद्वार

सार

  • अधिकतम तापमान 12, न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज   
  • शीतलहर ने रोकी शहर की रफ्तार, गलन भरी सर्दी से लोग परेशान
  • बृहस्पतिवार को भी ठंड से निजात की कोई संभावना नहीं
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सर्दी लोगों पर सितम ढा रही है। बुधवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 12, जबकि न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शीतलहर ने शहर की रफ्तार रोक दी है। गलन भरी ठंड से लोग परेशान हैं। बृहस्पतिवार को भी ठंड से निजात मिलने की कोई संभावना नहीं है। 

विज्ञापन


बुधवार को लोगों के लिए घरों से निकलना दूभर रहा। स्कूल जाने वाले बच्चे ठंड से सिकुड़ते नजर आए। धर्मनगरी के बाजारों में दुकानों पर से ग्राहक नदारद रहे, केवल गर्म कपड़े एवं उपकरण बेचने वालों के यहां ग्राहक दिखाई दिए। पिछले सप्ताह शुक्रवार को हुई बारिश के बाद से लगातार कई दिन से धूप न निकलने की वजह से मुसीबत बढ़ी है। 

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कई दिनों तक मौसम इसी प्रकार से बने रहने का अनुमान है। पहाड़ों में पड़ रही बर्फ से हरिद्वार धर्मनगरी में ठिठुरन भरी सर्दी का ज्यादा असर है। साथ में चल रही हल्की हवा भी ठंड को बढ़ाने का काम कर रही है। 

विज्ञापन

दिन का तापमान गिरने के कारण ठंड में इजाफा

एनआईएच रुड़की के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनोहर अरोड़ा ने बताया कि जब मौसम में नमी ज्यादा बढ़ जाती है और दिन रात के तापमान में अंतर कम हो जाता है तो सर्दी का असर ज्यादा हो जाता है।

दिसंबर में दिन का तापमान गिरने के कारण ठंड में इजाफा हुआ है। जब तक खिलखिलाती धूप नहीं निकलेगी, तब तक मौसम में गलन भरी सर्दी का प्रकोप जारी रहेगा। लगातार पड़ रही ठंड से रात में पाला भी पड़ रहा है। बृहस्पतिवार के दिन भी यही हालात रहेंगे।   

मानवाधिकार आयोग में अलाव नहीं जलाने की शिकायत

कड़ाके की ठंड पड़ने के बाद भी गंगा घाटों पर अलाव नहीं जलाने का मामला मानव अधिकार आयोग में पहुंच गया है। राष्ट्रीय सूचना अधिकार जागृति मिशन के अध्यक्ष रमेश चंद्र शर्मा ने मानव अधिकार आयोग से की शिकायत में कहा कि हरकी पैड़ी ब्रह्मकुंड से सटे मालवीय घाट, नाईघाट, सुभाषघाट, गऊघाट और कुशावर्तघाट में अलाव नहीं जलाए जा रहे।

दूसरी तरफ नगर आयुक्त उदय सिंह राणा का कहना है कि जिन स्थानों पर पहलेे से अलाव जलाए जाते हैं उनमें नियमित रूप से अलाव जलाए जा रहे हैं। उन्होंने स्वयं रात में औचक निरीक्षण किया है।
विज्ञापन

आठ स्थानों पर जलाया जा रहा है अलाव

नगर निगम ने अलाव जलाने के लिए 17 स्थानों को चिन्हित किया है। जिसमें से आठ स्थानों  पर अलाव जलाया जा रहा है। बुधवार से कई और स्थानों पर रात में अलाव जलाने का निर्देश सहायक नगर आयुक्त ने दिया है।

जानकारी के अनुसार ललतारौ, शंकराचार्य चौक, भीमगोडा, हरकर पैड़ी, मुख्य पोस्ट आफिस, मनसा देवी उड़न खटोला, रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर अलाव जलाए जा रहे हैं। उड़न खटोला छोड़कर सभी स्थानों पर पुलिस के बैरियर और बूथ हैं। 

अलाव जलाने की शीघ्र व्यवस्था करे निगम

पार्षद अनिरुद्ध भाटी ने मुख्य नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर अलाव जलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उत्तरी हरिद्वार में लगभग 50 हजार की जनसंख्या निवास करती है। इसके अलावा पार्षद अनिल मिश्रा, सुनीता शर्मा, अनिल वशिष्ठ, विनित जौली, ललित सिंह रावत, राजेश शर्मा, पिंकी चौधरी, सपना शर्मा, मोनिका सैनी, रेणु अरोड़ा, प्रशांत सैनी, राधेकृष्ण शर्मा, शुभम मंडोला ने भी अपने अपने वार्ड में अलाव जलाने की मांग की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें