ग्रामीणों का आरोप था कि जलभराव और नाली सफाई की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इस पर विधायक कार्यों की जानकारी देने लगे, लेकिन इसी दौरान एक ग्रामीण ने अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए मारपीट की धमकी दे डाली।
उत्तराखंड में रुड़की के झबरेड़ा क्षेत्र के भगतोवाली गांव में विकास कार्यों की जानकारी लेने गए विधायक के साथ ग्रामीणों की नोकझोंक हो गई। इस दौरान एक ग्रामीण ने अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए मारपीट तक की धमकी दे डाली। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वहीं, विधायक का कहना है कि ग्रामीण को साजिश के तहत भेजा गया था। इसमें नगर पंचायत अध्यक्ष का हाथ है।
विज्ञापन
बुधवार दोपहर झबरेड़ा विधायक भगतोवाली गांव में विकास कार्यों और पीएचसी पर कोरोना टेस्ट की जानकारी लेने पहुंचे थे। इसी दौरान पांच-छह ग्रामीण वहां आ गए और विधायक पर विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में जलभराव और नाली सफाई की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इस दौरान विधायक विकास कार्यों की जानकारी देने लगे। इसी दौरान एक ग्रामीण ने अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए मारपीट की धमकी दे डाली।
इसका किसी ने वीडियो बना लिया, जो दिनभर सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा। उधर, विधायक देशराज कर्णवाल ने झबरेड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पर साजिश के तहत ग्रामीण को भेजने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
अपशब्द बोलने वाला ग्रामीण नगर पंचायत चेयरमैन का करीबी है और पीएस भी है। उन्होंने पीएचसी में चिकित्सक की नियुक्ति कराई है, लेकिन चेयरमैन इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रहे थे। इसका मैंने मीडिया के जरिये खंडन किया था। इसी से खफा होकर चेयरमैन ने साजिश के तहत ग्रामीणों को मारपीट और झगड़ा कराने के लिए भेजा था। जो ग्रामीण काम न करने का आरोप लगा रहा है, एक दिन पहले उसके घर के बाहर उन्होंने खुद सैनिटाइजेशन किया था। इसलिए सभी आरोप बेबुनियाद हैं।
-देशराज कर्णवाल, झबरेड़ा विधायक
विधायक के साथ झगड़े की न तो मुझे जानकारी थी और न ही इससे कोई लेना देना है। अगर आरोप लगा रहा ग्रामीण मेरा पीएस है तो विधायक को यह साबित करना चाहिए। विधायक ने मीडिया के जरिये खुद ही मेरे खिलाफ उल्टी-सीधी बातें कही थीं कि मैं कार्य का श्रेय लेना चाह रहा हूं। जबकि मैंने कभी ऐसी पोस्ट नहीं डाली कि कोई काम मैं करा रहा हूं। पीएचसी पर किसी प्रकार की टेस्टिंग आदि की सामान्य सूचनाएं पोस्ट की गई हैं। इसमें मैंने यह नहीं कहा है कि यह काम मैं खुद करा रहा हूं। लोगों में विधायक के प्रति रोष है।