चौमासी-खाम बुग्याल-हथनी कुंड-भैकुंड-भैरव-केदारनाथ ट्रेकिंग पर गया 16 सदस्यीय दल सकुशल लौट आया है। दल का कहना है कि इस ट्रेक को यात्रा वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग कर कालीमठ क्षेत्र में पर्यटन व तीर्थाटन को गति मिलने के साथ स्थानीय को रोजगार मिल सकता है।
‘बेरोजगारों को भी रोजगार दो, चलो चौमासी से केदार’ अभियान के तहत बीते 11 अक्तूबर को केदारनाथ विधायक मनोज रावत और गढ़वाल आईजी अभिनव कुमार ने गुप्तकाशी से ट्रेक के लिए दल को रवाना किया था। तीन दिन की ट्रेकिंग के बाद यह दल बीते 14 अक्तूबर को लौट आया है। दल का मुख्य उद्देश्य ट्रेकिंग रूट को पर्यटन से जोड़कर स्थानीय युवाओं को रोजगार मुहैया कराना था।
विधायक मनोज रावत ने बताया कि ट्रेकिंग दल के प्रमुख ग्राम पंचायत चौमासी के ग्राम प्रधान द्वारा रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि रुद्रप्रयाग जनपद में ट्रेकिंग, एडवेंचर के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं।