उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के मुख्य मर्गों में अब तीन और शहर जुड़ने जा रहे हैं। केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी ऑल वेदर रोड प्रोजेक्ट में इन तीन शहरों को शामिल करने की योजना तैयार की जा रही है।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि रामनगर और कोटद्वार को भी चार धाम यात्रा का मुख्य द्वार बनाने की राज्य सरकार की योजना है। इसी तरह, कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर नेशनल हाईवे को भी केंद्र के ऑल वेदर रोड प्रोजेक्ट से जोड़ने के प्रयास चल रहे हैं।
इसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से चर्चा भी हुई है। बृहस्पतिवार को संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में जिला भाजपा की ओर से ‘सौ दिन सरकार के सौ दिन विकास के’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसमें जिले के प्रभारी मंत्री यशपाल आर्य, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत आदि ने भी सरकार की 100 दिन की उपलब्धियां गिनाईं।
एनएच-74 के घोटाले की सीबीआई जांच की संस्तुति
प्रभारी मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। एनएच-74 के घोटाले की सीबीआई जांच की संस्तुति कर दी गई है। घोटाले के दोषी अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
राज्य मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि सरकार पहाड़ में शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी जरूरी सेवाओं पर संजीदगी से ध्यान दे रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में डाक्टरों की कमी नहीं होने दी जाएगी। पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में डाक्टरों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
पहाड़ी क्षेत्रों में न जाने वाले डाक्टरों पर निलंबन और एक साल का वेतन काटने जैसी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर ‘सौ दिन सरकार के सौ दिन विकास के’ पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में पौड़ी विधायक मुकेश कोली, ऋतु खंडूड़ी भूषण, दिलीप रावत, भाजपा नेता विकास कुकरेती, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष गणेश नेगी, जीके बर्त्वाल, दिगंबर नेगी, अजेंद्र रावत व राजकुमार पोरी आदि शामिल रहे।