उत्तराखंड सचिवालय भवन का सरकार विस्तार करने जा रही है। विश्वकर्मा भवन के पीछे खाली भूमि के एक हिस्से पर सचिवालय का नया भवन तैयार होगा। इसके साथ ही सरकार भराड़ीसैंण में भी सचिवालय भवन के निर्माण पर जल्द कार्य आरंभ करेगी।
मंगलवार को सचिव राज्य संपत्ति आरके सुधांशु ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सचिवालय भवन के पीछे की भूमि के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक की। सचिवालय भवन के पीछे करीब नौ बीघा का भूभाग है। इस भूभाग के आधे भूखंड पर सरकार सचिवालय का नया भवन बनाएगी।
वर्तमान में सचिवालय के अधिकांश भवन पुराने हैं। उनमें जगह का बहुत अभाव है। कुछ अनुभाग तो अब टीन शेड के नीचे संचालित हो रहे हैं। कर्मचारियों की इन तमाम दिक्कतों को देखते हुए राज्य संपत्ति विभाग ने नए सचिवालय भवन के निर्माण की योजना बनाई है। सचिव लोनिवि के मुताबिक, प्रोजेक्ट पर जल्द से जल्द कार्य शुरू हो जाएगा।
इसके साथ ही प्रदेश सरकार ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में भी सचिवालय भवन के निर्माण को लेकर तेजी में है। राज्य संपत्ति विभाग जल्द ही इस योजना पर काम शुरू करेगा। भूमि चयन और हस्तांतरण कार्य पूरा हो चुका है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य संपत्ति विभाग के पास सचिवालय भवन बनाने की धनराशि भी जमा है।