उत्तराखंड परिवहन निगम के नियमित कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में सातवें वेतन आयोग की संस्तुतियों के अनुसार सात फीसदी की बढ़ोत्तरी हो गई है।
शासनादेश जारी होने के बाद सोमवार को निगम मुख्यालय से इस संबंध में आदेश जारी हो गया। कर्मचारियों को अब 125 की जगह मूल वेतन 132 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा। निगम के करीब 4500 कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
बता दें कि सातवें वेतन आयोग की संस्तुतियां लागू होने के बाद तमाम विभागों के कर्मचारियों को बढ़ी हुई दरों पर महंगाई भत्ता देने का शासनादेश जारी किया था लेकिन परिवहन निगम के कर्मियों को इसका लाभ नहीं मिल पाया था। कर्मचारी संगठनों के आंदोलन के बाद सरकार ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया।
शासन से हरी झंडी मिलने के बाद निगम मुख्यालय से सोमवार को आदेश जारी किया है। रोडवेज कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष कमल पपनै, महामंत्री अशोक चौधरी, रोडवेज कर्मचारी इंप्लाइज यूनियन के महामंत्री रवि पचौरी, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री रामचंद्र रतूड़ी ने खुशी जाहिर कर सरकार और विभागीय अफसरों का आभार जताया है।