लिंचोली में बादल फटने से खासा नुकसान हुआ है। एसडीएम अनिल कुमार के मुताबिक गौरीकुंड से केदारनाथ मंदिर जाने वाला पैदल मार्ग करीब 30 मीटर बह गया है। मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। तप्तकुंड भी बह गया है। देर रात गौरीकुंड और सोनप्रयाग बाजार खाली करा लिए गए। 40 लोगों ने जीएमवीएन के गेस्ट हाउस में शरण ले ली है।
गौरीकुंड से सोनप्रयाग के बीच चट्टान रास्ते पर गिरने की भी सूचना है। उधर टिहरी के घनसाली में भिलंगना ब्लॉक के नौताड़ तोक में एक मकान बहने से दंपती भानु व नीलम की मौत हो गई। रुड़की में बिजली के खंभे से पेड़ में करंट फैल गया। बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े एक पुरुष और महिला की करंट लगने से मौत हो गई।
Uttarakhand Rainfall: सीएम धामी ने आपदा प्रबंधन सचिव से फोन पर ली अतिवृष्टि की जानकारी, SDRF और NDRF अलर्ट
बहादराबाद में मकान गिरा, दो बच्चों की मौत
बहादराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम भौरी डेरा शांतरशाह में मकान गिरने से दो बच्चों आस मोहम्मद (10) पुत्र मुजम्मिल, नगमा (8) पुत्री इल्ताफ निवासीगण भौरी डेरा
शांतरशाह की मौत हुई है। जबकि परिवार और घर पर आए मेहमान सहित नौ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबे में दबे लोगों को निकलवाया। बच्चों के शवों को रुड़की के अस्पताल में भिजवा दिए। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया।
आज नहीं होंगे चारधाम यात्रा के रजिस्ट्रेशन
मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए रेड अलर्ट के चलते एवं आयुक्त गढ़वाल मंडल ने निर्देश दिए हैं कि हरिद्वार और ऋषिकेश में स्थित पंजीकरण केंद्र में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया स्थगित रहेगी। वहीं, जिलाधिकारी यात्रा को लेकर अपने स्तर से निर्णय लेंगे।
आज प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज राज्य के सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबकि तीन जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। भारी बारिश के मद्देनजर खासतौर पर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार बृहस्पतिवार को नैनीताल, ऊधमसिंहनगर एवं चंपावत जिले में कुछ स्थानों पर भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान आकाशीय बिजली के चमकने और बारिश के तीव्र से तीव्र दौर होने का अनुमान व्यक्त किया गया है। भारी बारिश के मद्देनजर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि शेष अन्य जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।