फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आफत की बारिश: चारधाम यात्रा और फूलों की घाटी रही बंद, 136 पर्वतारोही फंसे; दो उड़ानें डायवर्ट, एक की मौत

Sun, 27 Sep 2026 08:09 PM IST
Alka Tyagi अमर उजाला नेटवर्क, उत्तराखंड

सार

उत्तराखंड में कई घंटों से लगातार बारिश हो रही है। ऐसे में कई जगह भूस्खलन की घटनाएं हुई तो कहीं पर बर्फबारी ने परेशानी बढ़ाई।
विज्ञापन
उत्तराखंड में मौसम - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मौसम खराब होने के कारण केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और बदरीनाथ धाम की यात्रा रविवार को दूसरे दिन भी बंद रही। बता दें कि शुक्रवार को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी होने के बाद चारों धामों की यात्रा दो दिन (शनिवार और रविवार) के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई थी। अब मौसम साफ होने के बाद ही चारधाम यात्रा सुचारु की जाएगी।

गंगोत्री-यमुनोत्री धाम की पहाड़ियों में बर्फबारी

उत्तरकाशी। जनपद में लगातार दो दिन से हो रही बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। गंगोत्री-यमुनोत्री धाम की पहाड़ियों सहित गोमुख ट्रैक व नेलांग-जादूंग घाटी में करीब एक से चार फीट तक बर्फ गिर चुकी है। दूसरी ओर बारिश के कारण गंगोत्री हाईवे पर धरासू और यमुनोत्री हाईवे चामी और बर्नीगाड में मलबा आने के कारण बंद हो गया है। साथ ही गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा पर दूसरे दिन भी अस्थायी रोक जारी रही।

136 पर्वतारोही बर्फबारी में फंसे

बीते शनिवार से जनपद के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी जारी है। इससे गंगोत्री ग्लेशियर की विभिन्न चोटियोंं सहित उच्च हिमालयी पास पर पर्वतारोहण और ट्रैकिंग के लिए गए करीब 136 पर्वतारोही अपने बेस कैंप व अन्य स्थानों पर फंसे हैं। हालांकि प्रशासन के अनुसार ये सभी लोग सुरक्षित हैं। इन्हें निकालने के लिए टीमों का गठन कर कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

मलबे की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत

थाना क्षेत्र के ग्वारी मल्ली गांव में रविवार दोपहर चट्टान से आए मलबे की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। थाना प्रभारी रविंद्र नेगी ने बताया कि ग्रामीण बलवीर सिंह (50 ) पुत्र सुल्तान सिंह अपने घर के पीछे बरसाती पानी की स्थिति देखने गए थे। इसी दौरान पहाड़ी से आए मलबे की चपेट में आकर वह दब गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत-बचाव अभियान चलाया लेकिन बलवीर सिंह को नहीं बचाया जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी थलीसैंण भेज दिया है।

चकराता में ढही दीवार

पछवादून और जौनसार-बावर क्षेत्र में पिछले 36 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को अभी से कड़ाके की सर्दी का अहसास होने लगा है। वहीं, चकराता के कैलाना छावनी क्षेत्र में बारिश के चलते सड़क किनारे बनी एक सुरक्षा दीवार भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि उस वक्त कोई वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

विज्ञापन


चमोली: रुद्रनाथ यात्रा मार्ग पर घोड़े से गिरकर यात्री घायल, एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू, अस्पताल में भर्ती

भूस्खलन से सिरोहबगड़ में बंद होता रहा हाईवे

बारिश के कारण सिरोहबगड़ में रविवार को दिनभर पहाड़ी से भूस्खलन होता रहा जिससे रुक-रुक कर आवाजाही हुई। मगर अधिकांश समय ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे बंद रहा। रविवार को सिरोहबगड़ में भूस्खलन के कारण मलबा आता रहा। जेसीबी की मदद से एनएच लोनिवि ने दोपहर साढ़े 12 बजे मलबा हटाते हुए कुछ देर वाहनों की आवाजाही शुरू कराई। मगर फिर एक बजे के बाद मलबा आने के कारण हाईवे बंद हो गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मलबा गिरने के कारण यहां आवाजाही प्रभावित रही। हालांकि यहां पर्याप्त जेसीबी लगाई गई है जो मार्ग खोलने में जुटी है।

पर्यटकों के लिए बंद रही फूलों की घाटी

मौसम विज्ञान विभाग की ओर से बारिश, बिजली गिरने और बर्फबारी का अलर्ट जारी किए जाने के कारण रविवार को फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए बंद रही। करीब 100 पर्यटक घांघरिया में घाटी खुलने का इंतजार कर रहे हैं। फूलों की घाटी पार्क के रेंज अधिकारी आशीष जिरवाण ने बताया कि मौसम की स्थिति को देखते हुए रविवार को घाटी में पर्यटकों की आवाजाही बंद रखी गई। मौसम सामान्य होने पर पर्यटकों के लिए घाटी को खोल दिया जाएगा।  

दो उड़ानें डायवर्ट, आधा दर्जन से अधिक देरी से पहुंचीं

लगातार दूसरे दिन भी खराब मौसम और बारिश के कारण देहरादून एयरपोर्ट पर हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। अलग अलग शहरों से आने वालीं दो उड़ानों को दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। जबकि विभिन्न शहरों की करीब आधा दर्जन से अधिक उड़ानें देरी से एयरपोर्ट पहुंचीं। सुबह 11 बजे मुंबई से आने वाली इंडिगो की उड़ान और उसके बाद कोलकाता से 12 बजे आने वाली इंडिगो की दूसरी उड़ान आसमान में कई चक्कर लगाने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दी गईं। जबकि इंडिगो जयपुर 11:25 के स्थान पर 11:52 बजे पहुंची। बंगलूरू से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस 12:20 के स्थान पर करीब एक बजे आई। इंडिगो हैदराबाद 12:50 के स्थान पर 1:13 बजे पहुंची। एयर इंडिया दिल्ली एक बजे के स्थान पर 1:20 बजे पहुंची। इंडिगो दिल्ली 1:35 के स्थान पर 3:16 बजे पहुंची। एयर इंडिया मुंबई 2:20 के स्थान पर 2:43 बजे आई। वहीं शाम की अन्य उड़ानें भी विलंब से एयरपोर्ट पहुंची।
विज्ञापन

बदरीनाथ हाईवे : पर्थाडीप में मलबे के साथ आ रहा पानी और पेड़

बदरीनाथ हाईवे पर पर्थाडीप में भूस्खलन का दायरा लगातार बढ़ रहा है। यहां पहाड़ी से मलबे के साथ पानी का रिसाव हो रहा है और चीड़ के पेड़ भी टूटकर हाईवे पर गिर रहे हैं। इससे वाहनों की आवाजाही बार-बार बाधित हो रही है। भूस्खलन का दायरा 20 से बढ़कर करीब 80 मीटर तक पहुंच गया है और खतरा बरकरार है।

भूस्खलन के मलबे में फंसी बस, 20 लोग बाल-बाल बचे

दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच बिजपुर-पनियाला मोटर मार्ग पर अचानक भूस्खलन होने से भारी मलबा आने से ऋषिकेश से भैंतलाखाल जा रही एक बस फंस गई। बस सड़क से बाहर जाने से बाल-बाल बची। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस में सवार सभी 20 यात्रियों को सुरक्षित उतार दिया। मलबा आने से करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

सोमवार को भी भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने सोमवार को भी प्रदेश के अधिकतर जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। शासन ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों से विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। वहीं, पर्यटकों व आमजन से अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें