प्रॉपर्टी डीलर अर्जुन का अपहरण 35 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार अर्जुन पर कई लोगों की देनदारी है। अर्जुन मूलरूप से जनपद रामपुर थाना अजीमनगर के ग्राम हकीमपुर का निवासी है।
कुंडेश्वरी चौकी प्रभारी कैलाश नागरकोटि ने बताया कि अपनी पहली पत्नी और बच्चों को छोड़कर उसने ग्राम रंपुरा की एक महिला से शादी कर ली। उसने हापुड़ निवासी गुरमीत के साथ 60 लाख रुपये में एक फ्लैट का सौदा किया था।
अर्जुन ने उससे 25 लाख रुपये बतौर बयाना ले लिया। फ्लैट का बैनामा कराने के लिए तीन माह की अवधि तय हुई लेकिन बाद में अर्जुन ने न तो गुरमीत को फ्लैट का बैनामा कराया और न ही उसे रकम लौटाई।
इसी तरह सुल्तानपुर निवासी शमीम ने स्क्रैप व्यवसाय में पार्टनरशिप के लिए अर्जुन को 10 लाख की रकम दी थी लेकिन अर्जुन ने यह रकम भी हड़प ली। बार-बार तगादा करने के बाद भी अर्जुन उनके रुपये नहीं लौटा रहा था। एसआई कैलाश ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।