यूकेडी का कहना है कि डीएवी पीजी कॉलेज में मासूम शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान मंच से कथित अभद्र व आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल को लेकर विवाद हुआ था। ऐसे विवाद के बाद उन्हें दोबारा उत्तराखंड के बड़े सार्वजनिक मंच पर बुलाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) के ग्रैंड फिनाले से पहले स्टेडियम के बाहर प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने हरियाणवी गायक मासूम शर्मा और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) का पुतला दहन कर खूब नारेबाजी की। साथ ही इस तरह के बड़े आयोजनों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने की मांग की।
विज्ञापन
उक्रांद महानगर अध्यक्ष प्रबीन चंद रमोला ने कहा कि कुछ समय पहले डीएवी पीजी कॉलेज में मासूम शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान मंच से कथित अभद्र व आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल को लेकर विवाद हुआ था। ऐसे विवाद के बाद उन्हें दोबारा उत्तराखंड के बड़े सार्वजनिक मंच पर बुलाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। कहा कि उक्रांद का विरोध किसी बाहरी कलाकार को लेकर नहीं है।
सवाल यह है कि जब उत्तराखंड में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली लोक कलाकार और गायक हैं तो उन्हें बड़े मंच क्यों नहीं दिए जाते। केंद्रीय महामंत्री राजेंद्र बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देना सरकार और आयोजकों की जिम्मेदारी है।