स्व. प्रकाश पंत की स्मृति में आयोजित अंतर-विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का खिताब उत्तराखंड पुलिस ने अपने नाम कर लिया। बहुद्देशीय क्रीड़ा हॉल में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के फाइनल मुकाबलों में रोचक भिड़ंत देखने को मिली।
टीम इवेंट में उत्तराखंड पुलिस ने बीएसएनएल को 2-0 से हराकर चैंपियनशिप जीती। ओपन पुरुष युगल वर्ग में गढ़वाल विवि के गणेश आर्य व विनोद पंत ने उत्तराखंड पुलिस के महेश कंडवाल व युगल गौड को 22-2, 18-21, 21-13 अंकों से शिकस्त दी। समापन पर मुख्य अतिथि डीजी लॉ एंड ऑर्डर अशोक कुमार ने पुरस्कार वितरित किए। इस दौरान उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब के अध्यक्ष रणजीत सिंह बिलंगवाल, महासचिव सुनील लखेड़ा, एसएस सजवाण, नरेंद्र प्रसाद भट्ट, भूपेंद्र बसेड़ा, चीफ रेफरी व उपक्रीड़ाधिकारी दीपक रावत, नितेश उनियाल आदि उपस्थित रहे।
----
डीजीपी ने पुलिस टीम को किया सम्मानित
उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब की ओर से आयोजित अंतर-विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में उत्तराखंड पुलिस के विजेता खिलाड़ियों को डीजीपी अनिल रतूड़ी ने सम्मानित किया। विजेता पुलिस टीम का नेतृत्व पुलिस महानिरीक्षक संजय गुंज्याल ने किया, उनके अलावा टीम में विक्रम राठौड़, अखिलेश, राजीव द्विवेदी, महेश कंडवाल, युगल गौड, मनीष पांडे, प्रदीप रावत, निखिल राठी, मनमोहन रावत, रोहित टम्टा, सुनील उनियाल शामिल रहे।