बैंगलूरू में पहुंची उत्तराखंड पुलिस की टीम से बात करते हुए एडीजी मालिनी कृष्णामूर्ति।
गृह मंत्रालय की एक भारत, श्रेष्ठ भारत की पहल के तहत उत्तराखंड पुलिस का दल कर्नाटक की पुलिस की कार्यप्रणाली सीखने के लिए सोमवार को बंगलूरू पहुंच गया है। यह दल 15 दिन तक वहां रहकर अपराधों के ट्रेंड के अलावा विवेचनाआें और शिकायतों के निस्तारण पर अध्ययन करेगा। इसी तरह कर्नाटक पुलिस का एक दल अगले माह उत्तराखंड पुलिस का काम देखने दून आएगा।
पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने बताया कि गृह मंत्रालय ने देश की भाषा, सांस्कृतिक, धार्मिक विविधता में एकता बनाने को एक भारत और श्रेष्ठ भारत की पहल शुरू की है। इसके तहत एक राज्य की पुलिस दूसरे राज्यों में जाकर वहां की पुलिसिंग का अध्ययन करेंगी। इससे एक दूसरे का भाषा समझने में मदद मिलेगी। इसी कड़ी में उत्तराखंड का 15 सदस्यीय दल कर्नाटक गया है।
निरीक्षक गिरिश चंद शर्मा की अगुवाई में गई टीम में उप निरीक्षक विजय नेगी, कृष्ण कुमार, हेड कांस्टेबल गणेश सिंह राणा, अशोक सिंह रावत, कांस्टेबल गोपाल सिंह, पुष्पक सिंह, बिहारी लाल, विकास चंद सुनेरी, सुरेश, अरुण गुसाईं, पूनम आर्य, प्रीति कुंवर और कैलाश चंद पांडेय शामिल हैं। पहले दिन वहां की एडीजी मालिनी कृष्णामूर्ति ने टीम का परिचय प्राप्त किया।