उत्तराखंड पुलिस को जुलाई में 334 नए दारोगा मिल जाएंगे। सीधी भर्ती में चयनित हुए दारोगाओं की मुरादाबाद पीटीसी में चल रही ट्रेनिंग 30 जून को पूरी हो रही है। पुलिस मुख्यालय जुलाई के दूसरे सप्ताह में पासिंग आउट परेड कराने की तैयारी में जुटा है।
पुलिस विभाग में दारोगाओं के 1377 नियतन के सापेक्ष पुलिस, एलआईयू और दूसरी विंग में दारोगाओं की संख्या एक हजार के करीब है। कमी को पूरा करने के लिए हुई सीधी भर्ती के लिए 334 उप निरीक्षकों का चयन हुआ था। इन्हें मुरादाबाद पीटीसी में ट्रेनिंग दी जा रही है, जो 30 जून को पूरी हो जाएगी।
अपर पुलिस महानिदेशक राम सिंह मीणा ने बताया कि ट्रेनिंग पूरी करने के बाद जुलाई के दूसरे सप्ताह में उनकी पासिंग परेड कराने की योजना है, ताकि जल्द से जल्द उन्हें फील्ड में उतारा जा सके। नए दारोगाओं के आने के बाद विभाग में दरोगाओं की कमी भी पूरी हो जाएगी। इसके अलावा चयनित दारोगाओं को साइबर क्राइम के अलावा सांप्रदायिक विवादों से निपटने की विशेष ट्रेनिंग दी गई है।
Published By : Nirmala Suyal