उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुई घटना के बाद उत्तराखंड पुलिस भी सतर्क हो गई है। रविवार को डीआईजी अरुण मोहन जोशी के निर्देश पर सभी थानों और पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों, वीआईपी लोगों के सुरक्षा में लगे गनरों, थानों के हेड मुहर्रिर को सभी हथियार चलाने और उनके बारे में जानकारी दी गई।
डीआईजी ने एसपी सिटी और एसपी ग्रामीण को निर्देश दिए हैं कि वह समय-समय पर अपने थानों में अपने पर्यवेक्षण में वीपन हैंडलिंग कराए। बता दें, बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के कानपुर में कुख्यात अपराधी को पकड़ने गए पुलिस टीम पर हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने हमला कर दिया था।
इसमें सीओ, एसओ सहित आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। इस घटना के बाद उत्तराखंड पुलिस भी काफी सतर्कता बरत रही है। शनिवार को डीआईजी ने सभी थानों, पुलिस लाइन में तैनात सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को रविवार को हथियार चलाने के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में रविवार को सभी थानों में नियुक्त अधिकारियों, कर्मचारियों को थानों में और वीआईपी सुरक्षा ड्यूटी में लगे गनरों, थानों के हेड मुहर्रिरों को वीपन हैंडलिंग की प्रैक्टिस कराने के साथ ही उन्हें विभिन्न हथियारों के बारे में जानकारी दी गई और हथियारों की सफाई कराई गई। डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने कहा कि एसपी सिटी और एसपी देहात को निर्देश दिए गए हैं कि वह समय-समय पर अपनी उपस्थित में इसकी प्रैक्टिस कराएं।