भाजपाइयों के बैरियर तोड़कर आगे बढ़ने के दौरान वीडियो फुटेज में बिंदाल पुलिस चौकी पर तैनात दारोगा शांति प्रसाद चमोली हंसते हुए नजर आ रहे हैं। अधिकारियों को यह बात बेहद नागवार गुजरी है। इसी आधार पर ड्यूटी में लापवाही बरतने के आरोप में शांति प्रसाद को निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा धारा चौकी प्रभारी कुलदीप पंत की तरफ से कोतवाली में राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन के गेट पर लगे पोस्टर फाड़ने के आरोप में 15-20 भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया गया है।
कांग्रेस और भाजपा के बीच एक माह में टकराव की यह दूसरी घटना है। निकाय चुनाव में हुए झगड़े को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भाजपा समर्थकों ने रायपुर थाने के अंदर की पुलिस की मौजूदगी में मारपीट की थी। सत्ता से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने इस पर चुप्पी साध ली थी।
विरोध में थाने पर प्रदर्शन करने आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भाजपाइयों ने सामने आकर धक्का-मुक्की की थी। कई घंटे तक रायपुर थाने में दोनों दलों के बीच नारेबाजी चलती रही। उस समय भी अधिकारियों की चूक की वजह से यह नौबत आई थी, तब भी एक दरोगा को निलंबित कर अधिकारियों ने पल्ला झाड़ लिया था। कांग्रेस भवन उत्पात में यही नीति अपनाकर अन्य अधिकारियों को बचाने की कोशिश की गई है।