प्रदेश की अर्थव्यवस्था का कुल आकार अब 245895 करोड़ तक पहुंच गया है। पिछले साल की तुलना में इसमें 6.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यही वृद्धि प्रदेश की विकास दर भी है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय में पिछले साल की तुलना में करीब 16 हजार रुपये का इजाफा होने से अब प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 198738 रुपये तक पहुंच गई है। नियोजन विभाग के अधीन अर्थ एवं संख्या निदेशालय की ताजा रिपोर्ट से यह तस्वीर खुलकर सामने आई है।
रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश का सकल घरेलू उत्पाद 2018-19 में 245895 करोड़ रुपये हो गया है। 2017-18 में यह 222836 करोड़ रुपये था। इस हिसाब से प्रदेश की आर्थिक विकास दर 6.8 प्रतिशत आंकी गई है। इसी तरह प्रति व्यक्ति में भी पिछले साल की तुलना में 16418 रुपये का इजाफा हुआ है। अर्थव्यवस्था के ये आंकड़े यह भी बता रहे हैं कि प्रदेश की विकास दर अब देश की विकास दर के बराबर है। पिछले दो सालों में यह विकास दर देश की विकास दर से अधिक थी। इतना होने पर भी प्रदेश 2016-17 में हासिल की गई विकास दर को सहेज कर नहीं रख पाया। पिछले दो सालों की तुलना में इस समय यह विकास दर न्यूनतम स्तर पर है।