उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने पीसीएस-2010 के अंतिम परीक्षा परिणाम को संशोधित किया है। 26 दिन पहले घोषित परीक्षा परिणाम में उपप्रधानाचार्य पद पर चयनित अभ्यर्थी का अब डीएसपी पद पर चयन हो गया है।
कई अभ्यर्थी प्रतिस्थापित हुए तो दो का चयन निरस्त कर दिया है। पीसीएस-2010 परीक्षा संशोधनों के नाम रही है। आयोग की ओर से पहले प्रारंभिक और फिर मुख्य परीक्षा के रिजल्ट में कई बार संशोधन किया गया। लेकिन अब हद यहां तक हो गई कि अंतिम चयन परिणाम को भी 26 दिन बाद संशोधित कर दिया है।
पीसीएस-2010 का अंतिम चयन परिणाम 23 अगस्त को घोषित किया था। शुक्रवार को जारी संशोधित परीक्षा परिणाम के अनुसार पूर्व में उप प्रधानाचार्य पद पर चयनित बीर सिंह को अब पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर चयनित किया गया है। इन्हें पांचवीं रैंक दी गई है।