हल्द्वानी में भत्ता लेने के बावजूद पंचायत चुनाव की ड्यूटी से गायब रहना दो होमगार्डों को महंगा पड़ गया। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अब उनकी नौकरी पर तलवार लटक रही है।
गजेंद्र सिंह राणा और गुंजन सुयाल होमगार्ड की हल्द्वानी प्लाटून में तैनात हैं। गजेंद्र सिंह राणा की ड्यूटी रामनगर और गुंजन सुयाल की लालकुआं के बूथ में लगी थी। चार अक्तूबर को दोनों को आई कार्ड और चुनावी भत्ता दिया गया था।
भत्ता लेने के बाद दोनों ड्यूटी में नहीं पहुंचे। होमगार्ड के उच्चाधिकारियों को इस बात की जानकारी हुई तो कॉल किया गया मगर दोनों के मोबाइल फोन बंद मिले। इसके बाद लालकुआं और रामनगर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
होमगार्ड के मंडलीय कमांडेंट एलएम जोशी ने बताया कि दोनों होमगार्ड भत्ता और आई कार्ड लेकर अपने घरों चले गए। इस लापरवाही पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। दोनों को बर्खास्त करने की तैयारी चल रही है।