डाक विभाग ने सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के अपने ग्राहकों को सुविधा देने के लिए एईपीएस योजना शुरू की है। इस योजना के तहत ग्राहक का देश के किसी भी कोने में बैंक खाता है, तो वह अपने गांव के डाकघर से आधार कार्ड दिखाने पर बैंक खाते से दस हजार रुपये तक निकाल कर सकता है।
इसके लिए ग्राहक का डाकघर के इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) में खाता होना जरूरी है। डाकघर से ही ग्राहक बैंक में जमा धनराशि का बैलेंस, मिनी स्टेटमेंट और धनराशि आहरण की पर्ची भी हासिल कर सकता है।
आईपीपीबी के प्रबंधक दीपक गैरोला ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप लगाकर ग्रामीणों को इस योजना से जोड़ने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसका सबसे अधिक लाभ वृद्धावस्था, विकलांग और विधवा पेंशनरों को होगा।
एईपीएस सुविधा के लिए ये है जरूरी
- आपके क्षेत्र में डाकघर होना जरूरी।
- ग्राहक का बैंक अकाउंट आधार से लिंक होना जरूरी है।
- ग्राहक का खाता इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में भी होना चाहिए।