युवती के साथ अश्लील हरकत करते पकड़े गए दो युवकों की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी, जबकि एक अन्य युवक मौके से फरार हो गया। बुरी तरह पिटाई करने के बाद ग्रामीणों ने युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। घायल युवक ने को अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने ग्रामीणों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रूबाल निवासी भुवन चंद्र उर्फ भानू (19), डसीला निवासी कैलाश सिंह (25) और ललित सिंह दन्या थाना क्षेत्र के अंतर्गत सलपड़ गांव में बीते बुधवार को एक किशोरी के साथ दुकान में अश्लील हरकत कर रहे थे इस पर आक्रोशित ग्रामीणों ने भुवन और कैलाश की जमकर पिटाई कर अधमरी हालत में पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि ललित मौके से फरार हो गया।
युवती के पिता की तहरीर पर तीनों युवकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों युवकों का मेडिकल भी करवाया गया। इधर, मारपीट में घायल भुवन की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस उसे लेकर अस्पताल पहुंची, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मामले में मृतक के परिजनों ने दन्या थाना में ग्रामीणों के खिलाफ तहरीर दी है।
ग्रामीणों की पिटाई के बाद अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। मामले में मृतक युवक के परिजनों की ओर से तहरीर मिल गई है। जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
-पंकज भट्ट एसएसपी अल्मोड़ा