चमोली जनपद के ग्राम प्रधानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय गेट पर तालाबंदी कर दी और इसके बाद धरना-प्रदर्शन भी किया। वहीं इसके बाद रैली निकालकर नारेबाजी की और अपना विरोध जताया।
विज्ञापन
बता दें कि ग्राम प्रधान कॉमन सर्विस सेंटर को प्रतिमाह ढाई हजार रुपये दिलाने का आदेश वापस लेने के साथ ही अपनी 12 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं।
इससे पहले ग्राम प्रधान संगठन ने इस मामले को लेकर विभिन्न ब्लॉक मुख्यालयों के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया और धरना दिया था। प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष मोहन सिंह नेगी और दशोली ब्लॉक में प्रधान संगठन के अध्यक्ष नयन सिंह कुंवर के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को मांगों का ज्ञापन भेजा था।
विज्ञापन
ग्राम प्रधानों ने कहा कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने 13वें वित्त में हो रही कटौती पर शीघ्र रोक लगाने, 73वें संविधान संशोधन के प्रावधानों को लागू कर 29 विभागों को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने, ग्राम प्रधानों को 10000 रुपये मानदेय देने, मनरेगा के कार्य दिवस 100 से बढ़ाकर 200 दिन करने, ग्राम विकास विभाग व ग्राम पंचायत विभाग का एकीकरण करने सहित विभिन्न मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।