छेड़छाड़ के आरोपियों के घर गए पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिसकर्मियों से आरोपियों और उनके घरवालों ने मारपीट की है। पुलिसकर्मियों पर भी वहां मौजूद महिलाओं से मारपीट का आरोप है। इस घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। घटना में आरोपी युवकों के खिलाफ पुलिसकर्मियों और पीड़ित युवती की ओर से दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
इस मामले का संज्ञान लेते हुए डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने पूरे मामले की जांच एसपी क्राइम को सौंपी है। डीआईजी ने सात दिन में मामले की जांच रिपोर्ट मांगी है। साथ ही दोनों मुकदमों की विवेचना एसआईएस शाखा द्वारा की जाएगी। जबकि, पूरे मामले में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दोनों पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया है।
घटना नेहरू कॉलोनी थाने क्षेत्र की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र की एक युवती ने छेड़छाड़ की शिकायत पुलिस से की थी। इस पर बाईपास पुलिस चौकी प्रभारी ने चीता पुलिसकर्मियों को आरोपियों से पूछताछ और कार्रवाई के लिए क्षेत्र में भेजा था। पुलिसकर्मी पहले युवती के घर पहुंचे। युवती ने उन्हें आरोपियों का घर दिखाया। आरोपी घर के बाहर ही खड़े थे और पुलिसकर्मियों को देखते ही आग बबूला हो गए। उन्होंने वहां पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की।
इसके बाद पुलिसकर्मी जब उन्हें चौकी ले जाने लगे तो वहां मौजूद महिलाओं ने उनसे मारपीट शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने इल्तजा भी की, लेकिन महिलाएं नहीं रुकीं। इसी बीच एक पुलिसकर्मी ने महिला को धक्का देकर दूसरी ओर गिरा दिया। आरोप यह भी है कि एक पुलिसकर्मी ने महिला को हेलमेट से भी मारा। इस मामले में आरोपी अर्जुन और अमित व उनकी मां कलावती के खिलाफ पुलिसकर्मियों की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने व मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि, युवती की तहरीर पर अर्जुन और अमित के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामला गंभीर है। पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट हुई है। लेकिन, जांच प्रभावित होने की बात सामने न आए इसके लिए दोनों पुलिसकर्मियों को भी पुलिस लाइन से संबद्ध किया गया है।
- अरुण मोहन जोशी, डीआईजी, देहरादून