अंतरराष्ट्रीय वन तस्कर तोताराम उर्फ बीरबल के दो साथियों को वन विभाग उत्तर प्रदेश के महोफ रेंज की वन विभाग की टीम ने सुरई रेंज उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से बारहसिंगा के सींग, छुरी और रस्सी बरामद हुई है।
तोताराम बाघ के शिकार में खटीमा रेंज, शारदा रेंज सहित उत्तर प्रदेश और नेपाल में कई मामलों में वांछित था। वन विभाग महोफ रेंज के रेंजर आरिफ जमाल टीम के साथ रविवार को सुरई रेंज के पास गश्त कर रहे थे। इस दौरान टीम ने चूका के पास मीना बाजार बनबसा निवासी साबिर और नरेश श्रीवास्तव को बारहसिंगा के सींग, दो छुरी और रस्सी के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार दोनों ही आरोपी बीरबल उर्फ तोताराम के साथी हैं और बनबसा के रहने वाले हैं।
साबिर और नरेश ने बनबसा में बाघ का किया था शिकार
साबिर और नरेश वर्ष 2010-11 में खटीमा रेंज के बनबसा में बाघ के एक शिकार के मामले में भी संलिप्त रहे हैं। इन्होंने तोताराम के साथ ही इस्लाम नगर खटीमा के शाकिर उर्फ शकरुवा, बंटी नाथू और मत्थुनाथ के साथ मिलकर बाघ का शिकार किया था। तोताराम की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ में साबिर और नरेश के खटीमा के आसपास ही जंगलों में सक्रिय होने की जानकारी मिली थी। टीम में यशवीर सिंह, जितेंद्र कुमार, जितेंद्र पाल सिंह आदि शामिल रहे।