नैनीताल में घर के पास बने सिंचाई टैंक में गिरने से कक्षा एक में पढ़ने वाली एक बच्ची की मौत हो गई। घटना से घर में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गहलना निवासी पंकज सिंह मेहरा की पांच वर्षीय बेटी गायत्री घर के निकट खेत में खेल रही थी, जबकि परिजन दूसरे खेत में काम कर रहे थे।
दोपहर करीब तीन बजे वह खेत में बने सिंचाई टैंक में गिर गई। काफी देर तक बच्ची के नहीं दिखने पर परिजन परेशान हो गए। आखिर में परिजनों ने सिंचाई टैंक में देखा तो गायत्री उसमें गिरी हुई थी। इसके बाद परिजनों ने बच्ची को टैंक से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों के मुताबिक गायत्री चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। बच्ची की मौत के बाद माता-पिता का रो रोकर बुरा हाल है। मामले की सूचना पर ग्राम प्रधान समेत अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। खबर लिखे जाने तक कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था।